जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, 400 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, 400 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

 

800 मीटर दौड़ में फरजाना खातून, अंकुल और नंदिनी ने मारी बाजी; चारों क्षेत्रों के खिलाड़ियों ने किया प्रतिभाग

 

बस्ती। श्री देशराज नारंग दयानंद इंटर कॉलेज वाल्टरगंज एवं एस.एच.एस. एंड जी.आर.एस. इंटर कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय जनपद स्तरीय माध्यमिक विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ रविवार को अमर शहीद सत्यवान सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम, बस्ती में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह ,सह जिला विद्यालय निरीक्षक अनूप कुशवउत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष मार्कण्डेय ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन-अर्चन कर तथा मार्च पास्ट की सलामी लेकर किया। प्रतियोगिता में जनपद के चारों क्षेत्रों हर्रैया, रुधौली-भानपुर, बस्ती उत्तरी और बस्ती दक्षिणी के लगभग 400 एथलीट प्रतिभाग कर रहे हैं।

 

उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट के माध्यम से अनुशासन, एकता और खेल भावना का परिचय दिया। प्रतियोगिता के पहले दिन ट्रैक स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। उद्घाटन सत्र की पहली स्पर्धा 800 मीटर दौड़ के बालक एवं बालिका वर्ग में आयोजित की गई, जिसमें खिलाड़ियों ने पदक के लिए पूरी ताकत झोंक दी।

 

800 मीटर दौड़ में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

 

प्रतियोगिता के अंडर-19 बालिका वर्ग की 800 मीटर दौड़ में भानपुर की फरजाना खातून ने प्रथम, बस्ती दक्षिणी की आरती ने द्वितीय तथा बस्ती दक्षिणी की ही सलोनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

 

अंडर-17 बालक वर्ग में बस्ती दक्षिणी के अंकुल प्रथम, आरुष राज द्वितीय तथा हर्रैया के मुरलीधर तृतीय स्थान पर रहे। अंडर-17 बालिका वर्ग में बस्ती उत्तरी की नंदिनी ने प्रथम, बस्ती दक्षिणी की तैय्यबा ने द्वितीय तथा हर्रैया की अंशिका ने तृतीय स्थान हासिल किया।

 

अंडर-14 बालक वर्ग में बस्ती दक्षिणी के अजीत प्रथम, बस्ती उत्तरी के मोहम्मद सैफ द्वितीय तथा हर्रैया के कृष्णा तृतीय स्थान पर रहे। वहीं, 600 मीटर बालिका दौड़ में बस्ती उत्तरी की शाइमा खातून ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि हर्रैया की अंकिता ने द्वितीय स्थान हासिल किया।

 

खेल भावना और प्रतिभा को निखारने का मंच

 

प्रतियोगिता के सफल संचालन एवं खिलाड़ियों की व्यवस्थाओं की निगरानी प्रभाकर ओझा, अमित कुमार यादव, संतोष कुमार पाण्डेय, अजय कुमार वर्मा तथा कृष्ण कुमार पाठक की देखरेख में की जा रही है। विभिन्न स्पर्धाओं में निर्णायक की भूमिका रमेश चंद्र गुप्ता, विवेक कुमार श्रीवास्तव, माता प्रसाद त्रिपाठी, राजकुमार यादव, विनय कुमार सिंह, जगन्नाथ यादव, सुभाष यादव, अरुण कुमार, अभिषेक कुमार, अमित कुमार मिश्रा, अखिलेश कुमार वर्मा, मनोज कुमार राय, हरीश सिंह और सुरेंद्र कुमार शुक्ला सहित जनपद के अनेक शारीरिक शिक्षा शिक्षकों ने निभाई।

 

मंच का संचालन वेद प्रकाश द्विवेदी एवं रमा शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। आयोजक विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. प्रमोद कुमार उपाध्याय एवं हरिराम बंसल ने अतिथियों, गणमान्य नागरिकों और जनपद के समस्त शारीरिक शिक्षा शिक्षकों का स्वागत करते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

इस अवसर पर प्रधानाचार्य कमलेश कुमार द्विवेदी, मुस्लिम खातून, योगेश शुक्ला, विद्याधर वर्मा, संदीप श्रीवास्तव, अरुण मिश्रा, रामभवन, देवेंद्र नाथ मिश्रा सहित अनेक गणमान्य लोग, शिक्षक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन को लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

 

 

 

 

बर्जन 1

“खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, अनुशासन और आत्मविश्वास का आधार हैं। हमारा उद्देश्य है कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिले और वह खेल के माध्यम से जनपद, प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाए। मुझे विश्वास है कि यह प्रतियोगिता नई खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।” — संजय सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक