11 हजार महिलाओं की भव्य कलश यात्रा के साथ शतचंडी महायज्ञ का शुभारंभ, मुख्य यजमान होंगे मनीष मिश्रा
बस्ती की सुख-समृद्धि, विकास और जनकल्याण की कामना के साथ निकली कलश यात्रा, वैदिक मंत्रोच्चार से गूंजा शहर
लवकुश सिंह संवाददाता अनुराग लक्ष्य न्यूज, बस्ती
बस्ती। बस्ती की सुख-समृद्धि, विकास, शांति और जनकल्याण की कामना के साथ रविवार को शहर में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। करीब 11 हजार महिलाओं की सहभागिता से निकली इस कलश यात्रा के साथ ही शतचंडी महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ हुआ। महायज्ञ के मुख्य यजमान पहल वेलफेयर सोसाइटी के संस्थापक अध्यक्ष मनीष मिश्रा होंगे। दिल्ली से आए मुख्य पुरोहित आचार्य अजय पांडे के नेतृत्व में विद्वान पुरोहितों का दल वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ यज्ञ संपन्न कराएगा।
कलश यात्रा को लेकर सुबह से ही कुआनो नदी के तट पर स्थित अमहट शिव मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगी। पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचीं हजारों महिलाओं ने कलश यात्रा में भाग लिया। माता के जयकारों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मनीष मिश्रा की उपस्थिति में यात्रा प्रारंभ हुई। पूरे मार्ग पर भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कलश यात्रा अमहट शिव मंदिर से प्रारंभ होकर झंडा तिराहा, शास्त्री चौक, कंपनी बाग, गांधीनगर, जीआईसी, रोडवेज, मालवीय रोड और ब्राह्मण महासभा होते हुए सीएमएस स्कूल के समीप सेवा हॉस्पिटल वाली गली से गुजरी। इसके बाद यात्रा जीडी मिश्रा के आवास स्थित यज्ञ स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई।
इस अवसर पर मनीष मिश्रा ने कहा कि शतचंडी महायज्ञ किसी एक व्यक्ति का आयोजन नहीं, बल्कि संपूर्ण बस्ती के कल्याण के लिए सामूहिक संकल्प है। इसके माध्यम से मां भगवती से जनपद की समृद्धि, विकास, सुख-शांति और प्रत्येक परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन की वास्तविक शक्ति बस्ती की नारी शक्ति है। पहल वेलफेयर सोसाइटी की ‘राम जी का झोला’ और ‘राम जी का पेड़ा’ सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी माताएं और बहनें इस आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनके अनुसार, मातृशक्ति की अगुवाई में आयोजित यह महायज्ञ आध्यात्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और जनकल्याण की भावना को भी मजबूत करेगा।

कलश यात्रा में हजारों महिलाओं की सहभागिता ने आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरती यात्रा के दौरान श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल दिखाई दिया। आयोजकों के अनुसार, शतचंडी महायज्ञ का उद्देश्य मां भगवती की आराधना के साथ बस्ती के उज्ज्वल भविष्य, सामाजिक सद्भाव और जनकल्याण की कामना करना है।