1.2 किलो गांजा के साथ दो अंतरजनपदीय आरोपी गिरफ्तार
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कप्तानगंज पुलिस ने अवैध गांजा की तस्करी के आरोप में दो अंतरजनपदीय अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार 27 सितंबर 2026 को थाना कप्तानगंज पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम गढ़हा गौतम अंडरपास पहुंची, जहां दो संदिग्ध व्यक्तियों को एक झोले में गांजा के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान अतुल पाठक पुत्र स्व. राधिका प्रसाद पाठक, उम्र करीब 54 वर्ष तथा अविनाश मिश्रा उर्फ चुन्नू ज्योतिष पुत्र स्व. शेषनाथ मिश्रा, उम्र करीब 55 वर्ष, निवासी ग्राम डुहवा मिश्र, थाना छावनी, जनपद बस्ती के रूप में हुई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर बरामद गांजा कब्जे में ले लिया। मामले में थाना कप्तानगंज पर मुकदमा अपराध संख्या 261/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी अतुल पाठक के विरुद्ध बस्ती के विभिन्न थानों सहित जनपद गोण्डा में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, चोरी, गिरोहबंद अधिनियम सहित अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी अविनाश मिश्रा के विरुद्ध थाना दुबौलिया में बीएनएस की धाराओं में एक मुकदमा दर्ज बताया गया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कप्तानगंज आलोक कुमार श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक अनिल कुमार त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार सिंह तथा कांस्टेबल जयप्रकाश यादव शामिल रहे।