अन्तर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस के अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों हेतु एक दिवसीय सांकेतिक भाषा प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन

अन्तर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस के अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों हेतु एक दिवसीय सांकेतिक भाषा प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन

 

 

अम्बेडकर नगर।रिजर्व पुलिस लाइन सभागार, जनपद अम्बेडकनगर में पुलिस अधीक्षक अम्बेडकरनगर सुश्री प्राची सिंह के निर्देशन में अन्तर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस के अवसर पर अयोध्या डिवीजन एसोसिएशन ऑफ द डेफ द्वारा सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों हेतु एक दिवसीय सांकेतिक भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

 

प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सांकेतिक भाषा का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना तथा श्रवण बाधित एवं मूक-बधिर व्यक्तियों के साथ संवाद स्थापित करने की क्षमता को विकसित करना रहा। प्रशिक्षण के माध्यम से पुलिस कर्मियों को ऐसे व्यक्तियों की समस्याओं को समझने, उनकी शिकायतों को प्रभावी ढंग से सुनने तथा पुलिस सेवाओं तक उनकी सुगम पहुँच सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।

 

कार्यक्रम के दौरान सांकेतिक भाषा के महत्व एवं पुलिसिंग में इसकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला गया। इस प्रशिक्षण से पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशील एवं समावेशी पुलिसिंग को बढ़ावा देने में सहायता मिलेगी।

 

पुलिस विभाग द्वारा सभी वर्गों के नागरिकों को सुलभ, संवेदनशील एवं प्रभावी पुलिस सेवा उपलब्ध कराने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।