परेड निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिसकर्मियों को दिए अनुशासन और बेहतर व्यवहार के निर्देश
बहराइच। पुलिस अधीक्षक बहराइच श्री विश्वजीत श्रीवास्तव ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में साप्ताहिक परेड की सलामी ग्रहण कर परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों के टर्नआउट का जायजा लेते हुए ड्यूटी के दौरान उच्च कोटि की वर्दी धारण करने तथा आमजन के साथ शिष्ट एवं मधुर व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए।
परेड के दौरान पुलिसकर्मियों में अनुशासन एवं एकरूपता बनाए रखने के उद्देश्य से टोलीवार ड्रिल कराई गई। एसपी ने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान अनुशासन का विशेष ध्यान रखने के साथ ही अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करने के लिए निर्देशित किया।
परेड के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन परिसर स्थित विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने परिवहन शाखा (एमटी), क्षेत्राधिकारी लाइन कार्यालय, शस्त्रागार, आरटीसी मेस सहित अन्य शाखाओं का जायजा लिया। शस्त्रागार के निरीक्षण के दौरान शस्त्रों के रख-रखाव एवं संबंधित अभिलेखों की स्थिति देखी और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके अलावा एसपी ने पुलिस लाइन परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया। इसके बाद आदेश कक्ष में गार्द रजिस्टरों का अवलोकन करते हुए गार्द कमांडरों को सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी लाइन एवं सहायक पुलिस अधीक्षक श्री कनिष्क आर. जामकर, प्रतिसार निरीक्षक श्री दिलीप कुमार द्विवेदी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।