साहू समाज की प्रतिभाओं का खलीलाबाद में सम्मान, मेधावी छात्र-छात्राओं को मिली नई उड़ान

साहू समाज की प्रतिभाओं का खलीलाबाद में सम्मान, मेधावी छात्र-छात्राओं को मिली नई उड़ान

 

शिक्षा, संस्कृति और खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली बच्चे सम्मानित

 

‘समाज को आगे बढ़ाने के लिए बच्चों को शिक्षित करना जरूरी’, साहू समाज ने एकजुट होकर लिया उत्थान का संकल्प

 

जितेन्द्र पाठक

 

संत कबीर नगर। खलीलाबाद के एक होटल में साहू चौपाल के तत्वावधान में साहू प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में यूपी बोर्ड और सीबीएसई बोर्ड समेत शिक्षा, संस्कृति एवं खेलकूद के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रतिभाओं के साथ समाजसेवियों का भी उत्साहवर्धन किया गया।

समारोह में पहुंचे लोगों ने मेधावी छात्र-छात्राओं एवं समाज के प्रमुख लोगों का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान बस्ती जिले के ग्राम कैथवालिया के ग्राम प्रधान राम नाथ गुप्ता ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर आयोजन को प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामेश्वर प्रसाद ने कहा कि समाज के विकास के लिए शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण आधार है। समाज में शिक्षा की कमी को दूर करने के लिए अभिभावकों को अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने के लिए आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि शिक्षित युवा ही समाज को नई दिशा देने के साथ उसके अधिकारों और विकास की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ा सकते हैं।

समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि साहू समाज को विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से लंबे समय से अपेक्षित अधिकार नहीं मिल पाए हैं। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के सामाजिक उत्थान की दिशा में भी अभी काफी काम किया जाना बाकी है। ऐसे में समाज को शिक्षा, संगठन और जागरूकता के माध्यम से मजबूत बनाने की जरूरत है।

आयोजकों ने कहा कि प्रतिभा सम्मान समारोह का उद्देश्य समाज की नई पीढ़ी को प्रोत्साहित करना और मेधावी बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। सम्मान मिलने से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ता है और अन्य बच्चों को भी बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है।

समारोह में नकुल शाह, रंजीत साहू, शशि भूषण साहू, श्रीकांत साहू, संदीप साहू, अनिल साहू, कमल किशोर साहू, सुनील साहू, गिरीश साहू, सुरेंद्र साहू, राम गति साहू, रामकरण साहू, बनारसी लाल साहू, अमरनाथ साहू, अजय साहू, जितेंद्र साहू, अनिल साहू, राम करन गुप्ता, राजेश गुप्ता, रामजीत साहू, विनोद गुप्ता समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।

सम्मानित होने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं में अजीत गुप्ता, शुभम गुप्ता, अनुरोध गुप्ता, आकाश गुप्ता, अश्वनी गुप्ता, आकाश गुप्ता, सोनू, विशाल गुप्ता, अनु, दिव्यांश गुप्ता, गोपी गुप्ता, उत्कर्ष गुप्ता, गौरव, साक्षी गुप्ता, शिवांश गुप्ता, आंचल गुप्ता, पूजा, प्रिया गुप्ता, विशाल गुप्ता, सपना गुप्ता, प्रियंका गुप्ता, सत्येंद्र गुप्ता, सनी गुप्ता, सुजीत गुप्ता और शिखा गुप्ता सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल रहे।

कार्यक्रम में समाज के लोगों ने प्रतिभाओं को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आयोजन को लेकर साहू समाज में उत्साह का माहौल रहा और समाज के लोगों ने शिक्षा एवं संगठन के माध्यम से सामाजिक उत्थान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।