बाढ़, बिजली, स्वास्थ्य और भ्रष्टाचार पर सपा का हल्लाबोल, डीएम को सौंपा ज्ञापन

बाढ़, बिजली, स्वास्थ्य और भ्रष्टाचार पर सपा का हल्लाबोल, डीएम को सौंपा ज्ञापन

 

सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद की मौजूदगी में उठे जनहित के मुद्दे, धनघटा की समस्याओं पर प्रशासन को घेरा

 

तहसील-थानों में भ्रष्टाचार पर रोक और अधूरे सीएचसी को चालू कराने की मांग, कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी

 

जितेन्द्र पाठक

 

संतकबीरनगर। जनपद की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। सपा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक अब्दुल कलाम के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन के दौरान सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद भी मौजूद रहे। सपा ने बाढ़, बिजली, स्वास्थ्य सुविधाओं और तहसील एवं थानों में कथित भ्रष्टाचार समेत कई मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए इनके तत्काल समाधान की मांग की।

 

ज्ञापन में सबसे पहले धनघटा विधानसभा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों में पीड़ितों की सुरक्षा एवं राहत व्यवस्था को प्रभावी बनाने की मांग की गई। सपा ने बाढ़ प्रभावित परिवारों को खाद्य सामग्री, स्वच्छ पेयजल और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने के साथ ही पशुओं के लिए पर्याप्त चारे की व्यवस्था सुनिश्चित कराने पर जोर दिया।

 

पार्टी ने धनघटा विधानसभा की जर्जर विद्युत व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया। पुराने एवं जर्जर बिजली के तार, खंभे तथा अन्य विद्युत उपकरणों को तत्काल दुरुस्त अथवा बदलने की मांग की गई। साथ ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों समेत पूरे जनपद में सुरक्षित और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग उठाई गई।

 

ज्ञापन में विकासखंड पौली के शिववखरी में अधूरे पड़े सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण कार्य को पूरा कराकर उसे तत्काल शुरू कराने की मांग भी शामिल रही। सपा नेताओं ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र के संचालन से क्षेत्र की बड़ी आबादी को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल सकेगा।

 

वहीं तहसील एवं थानों पर बढ़ते भ्रष्टाचार को लेकर सपा ने प्रशासन से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की। पार्टी ने कहा कि जनहित से जुड़े इन मुद्दों का शीघ्र समाधान कराया जाना आवश्यक है। ज्ञापन में स्पष्ट चेतावनी दी गई कि मांगों पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई तो समाजवादी पार्टी आंदोलन के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।

 

इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष अब्दुल कलाम, सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद, रमेश चन्द्र यादव, एख़लाक अहमद, मुहम्मद अहमद , बिनोद यादव,संजय यादव, श्रीरामजी विश्वकर्मा, , जावेद अहमद, राम भरोसे, राम दरश यादव समेत अन्य सपा पदाधिकारी मौजूद रहे।