सैंथवार-मल्ल महासभा ने 2027 के लिए फूंका चुनावी बिगुल, पांच टिकट देने वाले दल के साथ एकजुट मतदान का ऐलान
आबादी के हिसाब से राजनीतिक हिस्सेदारी की मांग, ‘सिर्फ वोट बैंक नहीं, अब हिस्सेदारी चाहिए’
भाजपा को सैंथवार-मल्ल समाज का दो टूक संदेश, पांच टिकट नहीं तो बदल सकता है चुनावी रुख
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर। जनपद मुख्यालय स्थित एक होटल में रविवार को सैंथवार-मल्ल महासभा की जिला स्तरीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में संगठन की मजबूती, समाज की एकजुटता और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया। बैठक में समाज की आबादी के अनुपात में राजनीतिक हिस्सेदारी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। महासभा ने स्पष्ट ऐलान किया कि आगामी चुनाव में जो राजनीतिक दल सैंथवार-मल्ल समाज को कम से कम पांच या उससे अधिक टिकट देगा, समाज उसके पक्ष में एकजुट होकर मतदान करेगा।
बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष गंगा सिंह सैंथवार ने की, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता रामकेश्वर सिंह ने की और संचालन धूप सिंह सैथवार ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गंगा सिंह सैंथवार ने कहा कि समाज के लोगों को एकजुटता का संदेश देना होगा, ताकि संगठन आने वाले समय में एक मजबूत संगठन के रूप में स्थापित हो सके। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की कई ऐसी सीटें हैं, जहां सैंथवार-मल्ल समाज की भागीदारी के बिना चुनाव जीतना मुश्किल हो जाता है। इसके बावजूद समाज को अपेक्षित राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि समाज चुनाव जिताने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है तो जरूरत पड़ने पर चुनाव हराने की ताकत भी रखता है। गंगा सिंह सैंथवार ने कहा कि 2027 के चुनाव में यदि भारतीय जनता पार्टी ने समाज के पांच लोगों को विधायक बनाने के लिए टिकट नहीं दिया तो जरूरत पड़ने पर वह स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे।
हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि संगठन की मजबूती के लिए वह स्वयं अथवा अपने परिवार के किसी सदस्य को राजनीति में नहीं लाना चाहते और न ही किसी प्रकार का चुनाव लड़ना चाहते हैं। उनके लिए संगठन की मजबूती सर्वोपरि है।
पांच टिकट देने वाले दल के पक्ष में एकजुट मतदान का ऐलान
बैठक में राजनीतिक हिस्सेदारी को लेकर महासभा ने अपना रुख साफ करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में जो भी राजनीतिक दल सैंथवार-मल्ल समाज को कम से कम पांच या उससे अधिक टिकट देगा, पूरा समाज एकजुट होकर उसी पार्टी के पक्ष में मतदान करेगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि समाज अब केवल वोट बैंक बनकर नहीं रहेगा, बल्कि अपनी आबादी के हिसाब से अपनी वाजिब राजनीतिक हिस्सेदारी हासिल करेगा। बैठक में संगठन की एकजुटता को आगामी चुनाव की सबसे बड़ी ताकत बनाने पर जोर दिया गया।
महासभा के संरक्षक शमशेर सिंह इंजीनियर ने कहा कि पूर्वांचल में भाजपा समाज के समर्थन से मजबूत है, लेकिन पार्टी की ओर से समाज को अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं दिया जा रहा है। अब समाज अपनी अनदेखी बर्दाश्त नहीं करेगा।
जिला अध्यक्ष पीयूष सिंह सैथवार ने कहा कि महासभा को गांव-गांव और बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है। संगठन की मजबूती के जरिए समाज को एकजुट कर आगामी चुनाव में सही राजनीतिक निर्णय लेने की दिशा में काम किया जाएगा।
संगठन विस्तार के साथ पदाधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
संगठन को अधिक सशक्त, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला अध्यक्ष के अनुरोध और राष्ट्रीय अध्यक्ष की संस्तुति के आधार पर जिले में विभिन्न पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
हरिशंकर सिंह को जिला संरक्षक बनाया गया। राम प्रकाश सिंह, सत्यपाल सिंह, विवेक सिंह, विनायक सिंह, रोहित सिंह, मनोज सिंह, चंद्रभान सिंह, श्याम नारायण सिंह और संतोष सिंह को जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई।
राजेश्वर सिंह उर्फ राजू प्रधान को जिला महामंत्री बनाया गया। वहीं राणा सिंह, शिव कुमार सिंह, सतीश सिंह, राम शरण सिंह, विनोद सिंह, लल्लन सिंह, शीतल मल्ल, भीम सिंह, विवेक सिंह और राहुल सिंह को जिला मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में समाज के प्रमुख प्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
बैठक में योगेंद्र सिंह, विजय बहादुर सिंह, विनायक सिंह, संतलाल सिंह, शीतल मल्ल, जनार्दन सिंह, भोला सिंह, राजेश्वर सिंह उर्फ राजू, संगीता सिंह, ज्योति सिंह, हरविंदर सिंह फौजी और विनोद सिंह सहित समाज के कई प्रमुख एवं सम्मानित प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में संगठन को गांव से लेकर बूथ स्तर तक मजबूत करने, समाज की एकजुटता बनाए रखने तथा आगामी विधानसभा चुनाव में राजनीतिक हिस्सेदारी के मुद्दे पर सामूहिक निर्णय लेने का संकल्प लिया गया।