15 बच्चों का मेडिकल परीक्षण, 7 को जारी हुए दिव्यांग प्रमाण पत्र
रुधौली। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत शिक्षा अनुभाग की ओर से रुधौली में मेडिकल असेसमेंट कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में 15 बच्चों का चिकित्सकीय परीक्षण किया गया, जिसमें जांच के बाद 7 पात्र बच्चों के दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए गए।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप तिवारी के निर्देश पर आयोजित कैंप का संचालन फिजियोथेरेपिस्ट अजय कुमार पाण्डेय ने किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा गठित चिकित्सकीय टीम ने विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में बच्चों का परीक्षण किया।
चिकित्सकीय टीम में डॉ. शरदेन्दु कुमार सिंह, डॉ. ए.के. मल्ल, डॉ. शारिब सुहेल, डॉ. अनिल कुमार दुबे सहित अन्य विशेषज्ञ चिकित्सक शामिल रहे। चिकित्सकों ने बच्चों की आवश्यक जांच कर मेडिकल रिपोर्ट तैयार की और पात्र बच्चों को दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए।
कैंप का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को उनकी पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रमाण पत्र संबंधी प्रक्रिया को आसान बनाना रहा। इस दौरान बच्चों और उनके अभिभावकों को प्रमाण पत्र से जुड़ी आवश्यक जानकारी भी दी गई। कैंप के सफल आयोजन में कमलेश त्रिपाठी तथा टेक महिंद्रा के अभिषेक पांडे ने सहयोग प्रदान किया।