आहरण-वितरण में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश

आहरण-वितरण में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती । जनपद के समस्त आहरण एवं वितरण अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को विकास भवन सभागार में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य कोषाधिकारी अशोक कुमार प्रजापति ने अधिकारियों को आहरण-वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

मुख्य कोषाधिकारी ने कहा कि सभी आहरण एवं वितरण अधिकारी निरीक्षण दल के सदस्य प्रशान्त मिश्र, सहायक लेखाधिकारी, महेश, सहायक लेखाधिकारी तथा मनीष कुमार तिवारी, वरिष्ठ लेखाकार द्वारा दिए गए सुझावों एवं दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कार्यालय महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी) को भेजी जाने वाली सभी सूचनाएं विभागीय नियमों के अनुरूप तथा गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए।

 

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने विभाग की रीकन्सिलिएशन शीट समय से प्राप्त कर उसका अवलोकन करें, ताकि आहरित किए गए बिलों का स्व-सत्यापन किया जा सके। बताया गया कि पुलिस विभाग से संबंधित आठ कार्मिकों का अभी तक एनपीएस प्रान नंबर आवंटित नहीं हुआ है। पुलिस विभाग के आहरण एवं वितरण अधिकारी को इसे शीघ्र आवंटित कराने के निर्देश दिए गए।

 

बैठक में अनुदानों के सापेक्ष उपयोगिता प्रमाण पत्र, एसी बिल के सापेक्ष डीसी बिल प्रस्तुत करने, सामान्य निधि से संबंधित विसंगतियों के निराकरण तथा लेखे से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण प्रकरणों पर विस्तार से चर्चा हुई। निरीक्षण दल के अधिकारियों ने लंबित उपयोगिता प्रमाण पत्र एवं डीसी बिल समय से प्रेषित करने के निर्देश दिए, ताकि लेखा संबंधी कार्यों में पारदर्शिता एवं शुचिता बनी रहे और किसी प्रकार की विसंगति न उत्पन्न हो।

बैठक में कोषागार के शशिकांत नन्दन, अखिलेश कुमार सहित लेखाकार तथा लोक निर्माण विभाग, पुलिस विभाग, जेल, चकबंदी, गन्ना, उद्योग, समाज कल्याण, सेवायोजन, सूचना, लघु सिंचाई, बेसिक शिक्षा, आबकारी और स्वास्थ्य विभाग समेत विभिन्न विभागों के आहरण एवं वितरण अधिकारी तथा उनके प्रतिनिधि उपस्थित रहे।