जनपद निवासी शिक्षक का डिजिटल कमाल, अर्थशास्त्र के कंटेंट को एक दिन में 14 लाख लोगों ने देखा
बस्ती। जनपद के हर्रैया तहसील क्षेत्र के चंद्रपलिया गांव निवासी शिक्षक अजय कुमार चौबे ने डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उत्तराखंड के नैनीताल जिले के राजकीय इंटर कॉलेज बानना, भीमताल में अर्थशास्त्र के प्रवक्ता के पद पर कार्यरत अजय कुमार चौबे द्वारा तैयार किए गए शैक्षणिक डिजिटल कंटेंट और वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक दिन में 14 लाख (1.4 मिलियन) से अधिक लोगों ने देखा। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
दूरदराज के पर्वतीय क्षेत्र में शिक्षण कार्य करते हुए अजय कुमार चौबे ने तकनीक को शिक्षा से जोड़कर अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने अर्थशास्त्र जैसे विश्लेषणात्मक एवं विद्यार्थियों के लिए चुनौतीपूर्ण विषय को सरल, सहज और रुचिकर बनाने के लिए डिजिटल माध्यमों का प्रभावी उपयोग किया। उनके द्वारा तैयार किए गए चार्ट, कांसेप्ट नोट्स और व्याख्यात्मक वीडियो विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों के बीच भी लोकप्रिय हो रहे हैं।
डिजिटल नवाचार से बदली शिक्षण शैली
अजय कुमार चौबे का मानना है कि वर्तमान दौर में शिक्षा को केवल कक्षा की चारदीवारी तक सीमित रखने के बजाय डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचाया जा सकता है। इसी सोच के साथ वह लगातार शैक्षणिक सामग्री तैयार कर उसे सोशल मीडिया के माध्यम से विद्यार्थियों तक पहुंचा रहे हैं।
इंटरनेट मीडिया के दौर में जहां मनोरंजन से जुड़े रील्स और शॉर्ट वीडियो तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं, वहीं अर्थशास्त्र जैसे विषय से जुड़े गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक कंटेंट को इतने बड़े स्तर पर दर्शकों का मिलना अपने आप में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे यह भी स्पष्ट होता है कि विद्यार्थियों और युवाओं के बीच सरल एवं गुणवत्तापूर्ण डिजिटल अध्ययन सामग्री की मांग लगातार बढ़ रही है।
अजय चौबे के डिजिटल कंटेंट को मिल रही व्यापक लोकप्रियता के साथ उनके पेज को लाइक और फॉलो करने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। उनकी यह सफलता न केवल उनके व्यक्तिगत प्रयासों का परिणाम है, बल्कि जनपद बस्ती के लिए भी गौरव का विषय है। उन्होंने साबित किया है कि लगन, नवाचार और तकनीक के बेहतर इस्तेमाल से शिक्षक अपने ज्ञान को स्थानीय स्तर से निकालकर देशभर के विद्यार्थियों तक पहुंचा सकते हैं।