8 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, 8.62 लाख रुपये बताई गई कीमत
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। थाना छावनी पुलिस ने अंतर-प्रांतीय गांजा तस्करी गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 8 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत 8 लाख 62 हजार रुपये बताई गई है। आरोपियों के पास से दो मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, एक एटीएम कार्ड, एक पैन कार्ड और 240 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर 29 अगस्त को हर्रैया कस्बे से परसुरामपुर की ओर गांजा लेकर जा रहे संदिग्धों को कलानी खुर्द के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सनी पुत्र पप्पू (20) निवासी महुघाट थाना हरैया, सौरभ वर्मा पुत्र वासुदेव (करीब 23) निवासी जगदीशपुर थाना हरैया और सुरेश पुत्र रामअजोर (30) निवासी अजगरा बांसगांव थाना हरैया के रूप में हुई है।
पूछताछ में पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने बताया कि वे पैसों के लालच में गांजा छिपाकर ले जा रहे थे। उनका दावा है कि गांजा उन्हें सुबाष और नीतेश शाहू ने दिया था और वे इसे उचित दाम पर बेचने के लिए जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, दोनों संदिग्ध उनके पीछे मोटरसाइकिल से आ रहे थे, लेकिन पुलिस की कार्रवाई के दौरान वाहन छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सुरेश को गिरोह का सरगना बताया जा रहा है और उसे पूर्व में भी ओडिशा पुलिस द्वारा गांजा तस्करी के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना छावनी में मु0अ0सं0-179/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार बताए जा रहे सुबाष और नीतेश शाहू की तलाश में जुटी है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राणा देवेंद्र प्रताप सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सत्येंद्र सिंह, उपनिरीक्षक राधेश्याम त्रिपाठी, सभाजीत मिश्रा, राजेंद्र प्रसाद चौहान समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।