पोषाहार सामग्री से तैयार व्यंजनों की रेसिपी प्रतियोगिता आयोजित

पोषाहार सामग्री से तैयार व्यंजनों की रेसिपी प्रतियोगिता आयोजित

 

अनुराग लक्ष्य न्यूज

 

बस्ती । निदेशालय बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार के आदेश के क्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी के निर्देशन में शनिवार को पोषाहार सामग्री से विभिन्न प्रकार के पौष्टिक व्यंजन तैयार कर रेसिपी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अपूर्वा सिंह रहीं। कार्यक्रम का आयोजन देवेंद्र कुमार मिश्रा ने किया, जबकि सीडीपीओ विक्रमजोत बलराम सिंह ने संचालन किया।

प्रतियोगिता में जिले की 15 परियोजनाओं से दो-दो मुख्य सेविकाओं और चार-चार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने नेफेड एवं प्लांट से प्राप्त पोषाहार सामग्री का उपयोग करते हुए लड्डू, बर्फी, खस्ता मठरी, मीठा दलिया, साजन मिक्स पकौड़ी, इडली मैक्स पूरी, खिचड़ी, बिस्किट, ठोका सहित विभिन्न व्यंजन तैयार कर प्रदर्शित किए।

इस दौरान हर्रैया के सीडीपीओ सचिन राय, साऊघाट के सीडीपीओ किशन यादव और बनकटी के सीडीपीओ जितेंद्र कुमार ने मुख्य विकास अधिकारी एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को विभिन्न परियोजनाओं के रेसिपी काउंटर का निरीक्षण कराया। उन्होंने व्यंजनों की उपयोगिता, उपलब्धता और उन्हें तैयार करने की विधि के बारे में जानकारी दी।

मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से विभिन्न रेसिपी तैयार करने की विधि के बारे में जानकारी ली। उन्होंने यह भी पूछा कि सर्वे क्षेत्र में लाभार्थी परिवारों को नवीन पोषाहार के प्रति किस प्रकार जागरूक और आकर्षित किया जा रहा है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बताया कि वे लाभार्थी परिवारों को पोषाहार से तैयार किए जा सकने वाले विभिन्न व्यंजनों की जानकारी दे रही हैं। साथ ही स्थानीय साग-सब्जियों और साजन की पत्ती के उपयोग के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है।

सीडीपीओ बलराम सिंह ने बताया कि रेसिपी प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से लाभार्थियों में नवीन पोषाहार के प्रति रुचि बढ़ाना है। प्रतियोगिता के जरिए परिवारों को यह जानकारी दी जा रही है कि पोषाहार सामग्री से स्वादिष्ट एवं पौष्टिक विभिन्न खाद्य पदार्थ तैयार किए जा सकते हैं।

मुख्य विकास अधिकारी और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मुख्य सेविकाओं और सीडीपीओ के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने रेसिपी प्रतियोगिता और इससे जुड़े पौष्टिक व्यंजनों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।