पीडीए पंचायतों से सपा को मिली नई मजबूती – गीता भारती

पीडीए पंचायतों से सपा को मिली नई मजबूती – गीता भारती

 

सपा के नीति, कार्यक्रमों में महिलाओं का भरोसाः सरकार बनने पर महिलाओं के खाते में जायेंगे 40 हजार

 

अनुराग लक्ष्य न्यूज

 

बस्ती। समाजवादी पार्टी महिला सभा जिलाध्यक्ष गीता भारती ने कहा कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल द्वारा महादेवा विधानसभा क्षेत्र के गायघाट सहित जनपद के विभिन्न स्थानों पर आयोजित की जा रही पीडीए पंचायतों से समाजवादी पार्टी को और मजबूती मिली है। इन पंचायतों के माध्यम से पार्टी की नीतियों, विचारधारा और सामाजिक न्याय के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। कहा कि प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सपा की सरकार बनने पर महिलाओं के खाते में 40 हजार रूपये भेजे जायेंगे। इससे महिलाओं में सपा के नीति, कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह है।

प्रेस को जारी विज्ञप्ति के माध्यम से सपा महिला जिलाध्यक्ष गीता भारती ने कहा कि पीडीए पंचायतों में समाज के पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और वंचित वर्गों के साथ महिलाओं एवं युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल के नेतृत्व में आयोजित पंचायतों में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता यह दर्शाती है कि जनता समाजवादी पार्टी की नीतियों के प्रति विश्वास जता रही है।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा सामाजिक न्याय, समान अवसर और सभी वर्गों के सम्मान की राजनीति करती रही है। पीडीए की अवधारणा के माध्यम से समाज के उन वर्गों को राजनीतिक और सामाजिक रूप से मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है, जो लंबे समय से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करते रहे हैं।

महिला जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर महिलाओं के हित में महत्वपूर्ण कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि सरकार बनने पर महिलाओं के खाते में 40 हजार रुपये भेजे जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

गीता भारती ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता जैसे मुद्दे आज आम परिवारों से सीधे जुड़े हुए हैं। समाजवादी पार्टी इन मुद्दों को लेकर लगातार जनता के बीच जा रही है। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पार्टी की नीतियों और प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंचाएं।

उन्होंने कहा कि आगामी समय में पीडीए पंचायतों और जनसंपर्क अभियानों को और व्यापक रूप दिया जाएगा। गांवों और कस्बों में लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं को समझने तथा उन्हें पार्टी के मंच पर उठाने का काम किया जाएगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनता के बीच सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग और कार्यकर्ताओं की मेहनत से समाजवादी पार्टी को आगामी चुनाव में मजबूती मिलेगी।