महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। रक्षा बंधन महापर्व के एक दिन पूर्व अयोध्या में आस्था और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिला। श्रृंगी ऋषि पीठ पर ‘राम की राखी’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें श्रृंगी ऋषि आश्रम से माता शांता जी द्वारा भगवान श्रीराम के लिए भेजी गई विशेष राखी को समर्पित किया गया।
कार्यक्रम में संतों, महंतों और गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं संकट मोचन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूज्य महंत संजय दास महाराज, श्रृंगी ऋषि पीठाधीश्वर महंत हेमंत दास महाराज, कार्यक्रम के आयोजक सुभाष सिंह और बाबा अंबिका दास विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान समिति के समस्त पदाधिकारी गण और क्षेत्र के गणमान्य लोग भी मौजूद रहे, जिन्होंने इस ऐतिहासिक और धार्मिक परंपरा में सहभागिता की। वक्ताओं ने माता शांता और भगवान श्रीराम के आत्मीय संबंधों तथा रक्षा बंधन पर्व के आध्यात्मिक महत्व पर अपने विचार रखे। इस दौरान पूरा परिसर श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा और भक्तों में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला।