52 बच्चों का मेडिकल परीक्षण, 30 को दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। परशुरामपुर विकासखंड में गुरुवार को समग्र शिक्षा अभियान के समेकित शिक्षा कार्यक्रम के तहत मेडिकल असेसमेंट कैंप का आयोजन किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार के निर्देश पर आयोजित शिविर का संचालन फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. अजय पाण्डेय ने किया।
सीएमओ द्वारा गठित चिकित्सकीय टीम ने कैंप में कुल 52 बच्चों का मेडिकल परीक्षण किया। जांच के बाद 30 बच्चों को दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए गए। टीम में डॉ. सुनील मिश्रा, डॉ. अनिल कुमार दूबे, ऑडियोलॉजिस्ट कमलेश प्रताप, फिजियोथेरेपिस्ट अनिरुद्ध चौधरी और दिव्यांग लिपिक हरेंद्र प्रसाद समेत अन्य विशेषज्ञ शामिल रहे।
कैंप के सफल आयोजन में स्पेशल एजुकेटर्स अजय वर्मा, राजेश वर्मा, विवेक चौधरी, टेक महिंद्रा के अभिषेक पाण्डेय सहित अन्य सहयोगियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों की पहचान कर उन्हें प्रमाण पत्र, आवश्यक सुविधाओं और शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाना है।