रक्षाबंधन पर छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों को बांधी राखी, दिया सम्मान और सामाजिक सौहार्द का संदेश
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी, बस्ती की छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र प्रेम, सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया।
विद्यालय की छात्राओं रिद्धिमा पटेल, परिधि पांडेय, दीपिका वर्मा, दिपांशी चौधरी, वैष्णवी पांडेय एवं रिद्धि पांडेय ने अपर पुलिस अधीक्षक बस्ती श्यामकांत, पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती रेंज संजीव त्यागी सहित अन्य पुलिस कर्मियों को राखी बांधी। छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उनके सुखी, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन तथा निरंतर सफलता की कामना की।
इस अवसर पर छात्राओं ने कहा कि पुलिस कर्मी समाज में सुरक्षा, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। रक्षाबंधन पर उन्हें राखी बांधना उनके प्रति सम्मान, स्नेह एवं कृतज्ञता व्यक्त करने का सुंदर माध्यम है।
पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को स्नेहपूर्वक आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम शिक्षा, अच्छे स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने छात्राओं के इस भावपूर्ण प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में संस्कार, सामाजिक जिम्मेदारी, सम्मान और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करते हैं।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक विनय शुक्ला ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि समाज में सुरक्षा, सम्मान, प्रेम और विश्वास की भावना को मजबूत करने का अवसर भी है। विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, संस्कारों एवं सामाजिक मूल्यों से जोड़ना शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
प्रधानाध्यापिका शशि प्रभा त्रिपाठी ने कहा कि रक्षाबंधन का यह आयोजन छात्राओं में सेवा, सम्मान और सामाजिक दायित्व की भावना विकसित करता है। पुलिस कर्मी जिस समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ समाज की सुरक्षा करते हैं, उनके प्रति सम्मान व्यक्त करना गर्व का विषय है।
कार्यक्रम अमन मिश्रा सर एवं रितु चौधरी मैम के संरक्षण में संपन्न हुआ। विद्यालय परिवार ने रक्षाबंधन पर्व को प्रेम, सम्मान, सुरक्षा, संस्कार और सामाजिक समरसता के संदेश के साथ मनाया।