अंडर-17 बालिका हैंडबॉल में बस्ती मंडल को प्रदेश में तीसरा स्थान
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। डॉ. भीमराव अंबेडकर क्रीड़ा संकुल, बड़ा लालपुर, वाराणसी में आयोजित 70वीं माध्यमिक विद्यालयीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बस्ती मंडल की अंडर-17 बालिका हैंडबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया। मंगलवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में बस्ती मंडल की बालिकाओं ने आजमगढ़ मंडल को 3-2 से पराजित कर कांस्य पदक अपने नाम किया।
पूरे मुकाबले में बस्ती की खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन और संघर्ष क्षमता का परिचय दिया। टीम की सफलता में टीम मैनेजर शैलेंद्र कुमार और कोच नाजिया खातून का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं बस्ती मंडल की सभी टीमों का नेतृत्व कर रहे जगन्नाथ यादव ने प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और समय-समय पर रणनीतिक सलाह देकर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
टीम की इस उपलब्धि पर जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह ने खिलाड़ियों, कोच एवं टीम मैनेजर को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त करना खिलाड़ियों की लगन, अनुशासन और मजबूत टीम भावना का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि बस्ती मंडल की बेटियां इसी आत्मविश्वास और उत्साह के साथ आगे भी बेहतर प्रदर्शन कर मंडल का नाम रोशन करेंगी।
बस्ती मंडल की इस उपलब्धि पर मंडलीय क्रीड़ा समिति के सदस्य प्रभाकर ओझा, अमित कुमार यादव, रमेश चंद्र गुप्ता, विवेक श्रीवास्तव, माता प्रसाद त्रिपाठी, जोखू पासवान, दौलत बाबू गुप्ता सहित मंडल के समस्त शारीरिक शिक्षा शिक्षकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों, कोच एवं मैनेजर को बधाई दी। बालिका टीम की यह उपलब्धि पूरे जनपद एवं मंडल के लिए गौरव का विषय है।