रक्षाबंधन पर मिलावटखोरों पर नकेल: बस्ती में खाद्य विभाग की छापेमारी, मिठाई के नमूने भर 4 को नोटिस जारी

रक्षाबंधन पर मिलावटखोरों पर नकेल: बस्ती में खाद्य विभाग की छापेमारी, मिठाई के नमूने भर 4 को नोटिस जारी

 

अनुराग लक्ष्य न्यूज

 

बस्ती। आगामी रक्षाबंधन पर्व के दृष्टिगत जनपद में शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग सख्त हो गया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दल ने मंगलवार को उपजिलाधिकारियों के साथ मिलकर विभिन्न क्षेत्रों में प्रवर्तन (छापेमारी) की कार्यवाही की और मिठाइयों के नमूने संग्रहित किए।

सहायक आयुक्त खाद्य/अभिहित अधिकारी चितरंजन कुमार ने बताया कि त्योहार के दौरान मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों की बिक्री पर नियंत्रण लगाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार को टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 4 नमूने लिए, जिनमें शामिल हैं:

कालाजाम: 01 नमूना

कलाकंद: 01 नमूना

छेना मिठाई: 01 नमूना

बूंदी लड्डू: 01 नमूना

छापेमारी के दौरान परिसरों में साफ-सफाई और स्वच्छता मानकों में कमी पाए जाने पर 04 खाद्य कारोबारियों को सुधार हेतु नोटिस जारी किया गया।

कारोबारियों को दिए गए कड़े निर्देश

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने खाद्य व्यापारियों को ‘खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006’ तथा ‘नियमावली 2011’ के प्रावधानों के बारे में जागरूक किया। टीम ने सख्त निर्देश दिए कि केवल शुद्ध, गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य पदार्थों का ही निर्माण एवं विक्रय किया जाए।

इस प्रवर्तन कार्यवाही में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय कुमार तिवारी के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभेष कुमार, अजय कुमार श्रीवास्तव, बृजेश कुमार वर्मा, नरेश कुमार तिवारी और श्रीमती अंकिता शामिल रहे। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।