बाढ़ प्रभावित सुविखा बाबू क्षेत्र का मंडलायुक्त ने किया निरीक्षण

बाढ़ प्रभावित सुविखा बाबू क्षेत्र का मंडलायुक्त ने किया निरीक्षण

राहत-बचाव कार्यों और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का लिया जायजा, बच्चों की सुरक्षा को लेकर दिए सख्त निर्देश

 

अनुराग लक्ष्य न्यूज

 

बस्ती । मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने सोमवार को तहसील हर्रैया अंतर्गत बाढ़ से घिरे सुविखा बाबू क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों तथा स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से बाढ़ की स्थिति, प्रभावित परिवारों तक पहुंचाई जा रही राहत सामग्री और ग्रामीणों के लिए उपलब्ध स्वास्थ्य एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

मंडलायुक्त ने प्रभावित क्षेत्र में आवागमन और राहत कार्यों के लिए नावों की उपलब्धता तथा कटान की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आवश्यकता के अनुसार प्रभावित गांवों में पर्याप्त नावें उपलब्ध रहें और नाव संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन कराया जाए।

स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में स्नेक वेनम की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि सर्पदंश की स्थिति में तत्काल उपचार मिल सके। उन्होंने एम्बुलेंस को क्षेत्र में उपलब्ध रखने तथा जरूरत पड़ने पर मरीजों को तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही आवश्यक दवाओं की चेकलिस्ट तैयार करने और स्वच्छ पेयजल के लिए क्लोरीन की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए।

मंडलायुक्त ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर राहत सामग्री के वितरण की जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि प्रभावित परिवारों को राशन किट मिल रही है या नहीं। ग्रामीणों ने राशन किट मिलने की पुष्टि की। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र और प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री समय से पहुंचती रहे तथा कोई भी जरूरतमंद परिवार राहत से वंचित न रहने पाए।

उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। कहा कि जलभराव वाले क्षेत्रों में नाव से बच्चों के आवागमन के दौरान प्रत्येक बच्चे को अनिवार्य रूप से लाइफ जैकेट पहनाई जाए। इसके लिए संबंधित लेखपालों की ड्यूटी लगाने और बच्चों के आवागमन की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मंडलायुक्त ने अधिकारियों को बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने तथा राहत, स्वास्थ्य, पेयजल, खाद्यान्न और आवागमन से जुड़ी व्यवस्थाओं को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही बाढ़ से संबंधित सूचनाओं से प्रतिदिन उन्हें अवगत कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त प्रशासन मनोज कुमार तिवारी, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, उप जिलाधिकारी उमाकान्त तिवारी, सहायक अभियंता बाढ़ एस.बी. सिंह, संजय शुक्ला, क्षेत्रीय लेखपाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।