आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने कलेक्ट्रेट सभागार में की जनसुनवाई 

आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने कलेक्ट्रेट सभागार में की जनसुनवाई

कर्मचारियों एवं पेंशनर्स की समस्याओं से भी हुई रू-ब-रू

अधिकारियों को दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

बहराइच 21 अगस्त। आयुक्त, देवीपाटन मण्डल, गोण्डा श्रीमती दुर्गा शक्ति नागपाल ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी की उपस्थिति में जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें एवं समस्याएं आयुक्त के समक्ष प्रस्तुत की गईं। फरियादियों ने अपनी समस्याओं से आयुक्त को अवगत कराया। आयुक्त ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की तथा निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक रूप से राहत मिलना सुनिश्चित किया जाए।

आयुक्त ने कहा कि जनसुनवाई शासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है। अधिकारी आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से समाधान करें। उन्होंने लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। मौजूद अधिकारियों को निर्देष दिया गया कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

कलेक्ट्रेट सभागार में ही आयुक्त ने कर्मचारियों एवं पेंशनरों की विभागीय एवं पेंशन संबंधी समस्याओं की भी सुनवाई की। पेंशन, जीपीएफ एवं अन्य देयकों के लंबित भुगतान से संबंधित शिकायतों पर उन्होंने संबंधित कार्यालयाध्यक्षों को निर्देशित किया कि सभी लंबित देयों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर संयुक्त विकास आयुक्त राकेश पाण्डेय तथा जनपद के कार्यालयाध्यक्ष एवं आहरण वितरण अधिकारी मौजूद रहे।

:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः