किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराना प्राथमिकता : गजेन्द्र मणि त्रिपाठी
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। विकास भवन सभाकक्ष में शुक्रवार को सिंचाई बंधु की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता सिंचाई बंधु के उपाध्यक्ष गजेन्द्र मणि त्रिपाठी ने की। उन्होंने नहरों से किसानों को सुविधापूर्वक सिंचाई का पानी उपलब्ध कराने के लिए नहर खंड के सभी अभियंताओं को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सतर्क रहते हुए कार्य करने के निर्देश दिए।
गजेन्द्र मणि त्रिपाठी ने कहा कि वर्तमान में वर्षा कम हो रही है। ऐसी स्थिति में किसानों के लिए सिंचाई विभाग की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। किसानों को सिंचाई के लिए किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए अधिकारी नहरों के संचालन एवं पानी की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दें।
बैठक में उन्होंने सहायक अभियंता लघु सिंचाई को जनपद में प्राप्त निःशुल्क बोरिंग के लक्ष्य को पूरी पारदर्शिता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा पात्र किसानों को निःशुल्क बोरिंग की सुविधा उपलब्ध कराने की है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
उपाध्यक्ष ने सहायक अभियंता नलकूप से संचालित नलकूपों की स्थिति की जानकारी ली। सहायक अभियंता ने बताया कि वर्तमान में 35 नए मोटर रिजर्व में रखे गए हैं तथा आठ मोटरों की मरम्मत कराई गई है। वर्तमान में चार नलकूप बंद हैं, जिन्हें संचालित कराने की कार्रवाई की जा रही है।
बैठक में विधायक सदर प्रतिनिधि मो. सलीम ने किसानों के गन्ना मूल्य भुगतान का मुद्दा उठाया। उन्होंने संबंधित अधिकारी से फरवरी 2022 के बाद के अवशेष भुगतान के संबंध में जानकारी लेते हुए किसानों का बकाया भुगतान शीघ्र कराने की मांग की। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में पशुओं के टीकाकरण अभियान में तेजी लाने तथा पशुपालकों को पशुओं को विभिन्न बीमारियों से बचाने के लिए जागरूक करने पर भी जोर दिया।
बैठक का संचालन सहायक अभियंता सरयू नहर खंड-4, बस्ती हरिशंकर सिंह ने किया। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि जवाहर लाल वर्मा, कप्तानगंज विधायक प्रतिनिधि गुलाब चन्द सोनकर, रूधौली विधायक प्रतिनिधि कुलदीप मौर्य सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।