पुलिस लाइन में साप्ताहिक परेड के बाद एसपी ने किया निरीक्षण, मूलभूत सुविधाओं के रख-रखाव के दिए निर्देश
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह ने शुक्रवार को पुलिस लाइन बस्ती में साप्ताहिक परेड के उपरांत विभिन्न शाखाओं एवं भवनों का निरीक्षण किया। क्षेत्राधिकारी लाइन श्री कुलदीप सिंह यादव की मौजूदगी में किए गए निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के लिए मूलभूत सुविधाओं, साफ-सफाई एवं अभिलेखों के समुचित रख-रखाव पर विशेष जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने शस्त्रागार, जीडी कार्यालय, गणना कार्यालय, पुलिस अस्पताल, परिवहन शाखा, कैंटीन, भोजनालय, पूर्व में निर्मित बैरकों, नवनिर्मित बैरक भवनों, यातायात कार्यालय तथा डायल-112 कार्यालय समेत विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने सभी शाखाओं में मूलभूत सुविधाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने, परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा सरकारी अभिलेखों का व्यवस्थित ढंग से रख-रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल सुधार कराने को कहा।
इसके उपरांत पुलिस अधीक्षक ने अर्दली रूम किया, जिसमें संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके कार्यों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने पुलिसकर्मियों से अनुशासन, कार्य के प्रति जिम्मेदारी और विभागीय व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने की अपेक्षा की।
इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक बस्ती, पीआरओ पुलिस अधीक्षक बस्ती सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।