बेबीलैंड हॉस्पिटल में नवजात की मौत से मचा हड़कंप, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
टीका लगने के बाद बिगड़ी बच्ची की हालत, शरीर पड़ा नीला; डॉक्टरों पर समय से इलाज न करने का आरोप
पिता की शिकायत पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, मामले की जांच शुरू
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर। खलीलाबाद स्थित बेबीलैंड हॉस्पिटल एवं अल्ट्रासाउंड सेंटर में नवजात बच्ची की मौत का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। मृतका के पिता सुमित कुमार श्रीवास्तव ने अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ पर कथित लापरवाही का आरोप लगाते हुए कोतवाली खलीलाबाद में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, सुमित कुमार श्रीवास्तव ने 17 अगस्त को प्रसव के लिए अपनी गर्भवती पत्नी को बेबीलैंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। वहां सिजेरियन ऑपरेशन से बच्ची का जन्म हुआ। परिजनों के मुताबिक 19 अगस्त की सुबह नवजात को अस्पताल में टीका लगाया गया। टीकाकरण के कुछ ही देर बाद बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और उसका शरीर नीला पड़ गया।
पिता का आरोप है कि बच्ची की हालत बिगड़ने की जानकारी अस्पताल के डॉक्टरों और जिम्मेदार स्टाफ को कई बार दी गई, लेकिन करीब दो से तीन घंटे तक कोई डॉक्टर या जिम्मेदार कर्मचारी बच्ची को देखने नहीं पहुंचा। इसके बाद परिजनों को बच्ची की मौत की जानकारी दी गई।
नवजात की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने नवजात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही नवजात की मौत के वास्तविक कारणों तथा लगाए गए लापरवाही के आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, मामले में अस्पताल पक्ष का बयान अभी सामने नहीं आया है।