थाना छावनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मोबाइल चोरी कर UPI से रकम उड़ाने वाले गैंग का पर्दाफाश

थाना छावनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मोबाइल चोरी कर UPI से रकम उड़ाने वाले गैंग का पर्दाफाश

 

अनुराग लक्ष्य न्यूज

 

बस्ती। थाना छावनी पुलिस ने मोबाइल चोरी कर PhonePe और Google Pay जैसे UPI ऐप्स के माध्यम से एटीएम मशीनों पर QR कोड स्कैन कर नकदी निकालने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। प्रभारी निरीक्षक राणा देवेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गिरोह के सरगना समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक बाल अपचारी भी शामिल है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 460 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार कार्रवाई मुकदमा अपराध संख्या 174/2026 में धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत की गई। वांछित आरोपितों को रामजानकी रोड स्थित रामरेखा मंदिर पुलिया के पास से दोपहर करीब 1:33 बजे गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपितों में अर्जुन उर्फ दिनेश (23) पुत्र बबलू निषाद निवासी नेतौरी, थाना खोड़ारे, जनपद गोंडा को गिरोह का सरगना बताया गया है। इसके अलावा राजकुमार (19) पुत्र तुलसीराम निवासी नेतौरी, थाना खोड़ारे, गोंडा तथा एक बाल अपचारी को पुलिस ने पकड़ा है।

ऐसे देते थे वारदात को अंजाम

पुलिस पूछताछ में गिरोह के काम करने के तरीके का खुलासा हुआ। आरोपित पहले ऐसे लोगों की रेकी करते थे, जिनके पास महंगे एंड्रॉयड मोबाइल और बैंक खातों में पर्याप्त रकम होने की संभावना रहती थी। मौका मिलते ही घर, दुकान अथवा अन्य स्थान पर रखा मोबाइल चोरी कर लिया जाता था।

पुलिस के मुताबिक चोरी किए गए मोबाइल में सक्रिय मोबाइल नंबर और बैंकिंग/UPI ऐप्स के आधार पर लेनदेन संबंधी पासवर्ड का अनुमान लगाने अथवा उसे हासिल करने का प्रयास किया जाता था। इसके बाद UPI ऐप के जरिए एटीएम मशीन पर उपलब्ध QR कोड स्कैन कर नकदी निकालने की कोशिश की जाती थी।

पुलिस ने बताया कि निकाली गई रकम को आरोपित आपस में बांट लेते थे और उसे अपने महंगे शौक तथा ऐशो-आराम पर खर्च करते थे। पुलिस ने बरामद छह एंड्रॉयड मोबाइल को विभिन्न स्थानों से चोरी किए जाने की जानकारी दी है।

पुलिस टीम रही शामिल

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक थाना छावनी राणा देवेंद्र प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार प्रजापति, कांस्टेबल अभिषेक सिंह, कांस्टेबल शिल्लू जायसवाल और कांस्टेबल राजीव रंजन शामिल रहे।

पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल चोरी के बाद डिजिटल माध्यम से रकम निकालने वाले गिरोह पर शिकंजा कसने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। गिरफ्तार आरोपितों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया।