दीक्षारम्भ कार्यक्रम से नवप्रवेशित छात्राओं को मिली महाविद्यालय की कार्यप्रणाली और नई शिक्षा नीति की जानकारी

दीक्षारम्भ कार्यक्रम से नवप्रवेशित छात्राओं को मिली महाविद्यालय की कार्यप्रणाली और नई शिक्षा नीति की जानकारी

 

अनुराग लक्ष्य न्यूज

 

बस्ती। महिला महाविद्यालय, बस्ती में नवप्रवेशित छात्राओं के लिए दीक्षारम्भ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. सुनीता तिवारी ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भावपूर्ण बना दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रो. सुनीता तिवारी ने कहा कि दीक्षारम्भ कार्यक्रम महाविद्यालय की एक स्वस्थ परम्परा है। इसके माध्यम से नवप्रवेशित छात्राएं महाविद्यालय की कार्यप्रणाली, शिक्षकों एवं सुविधाओं से परिचित होती हैं, वहीं महाविद्यालय को भी अपनी नई छात्राओं से परिचित होने का अवसर मिलता है।

कार्यक्रम की सह-समन्वयक डॉ. नूतन यादव ने छात्राओं को महाविद्यालय की संरचना एवं उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने महाविद्यालय की विभिन्न समितियों तथा विषयवार शिक्षिकाओं का छात्राओं से परिचय कराया।

कार्यक्रम समन्वयक डॉ. सुहासिनी सिंह ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए मेजर, माइनर, वोकेशनल एवं को-करिकुलर विषयों की विस्तृत जानकारी छात्राओं को प्रदान की। उन्होंने छात्राओं को नई शिक्षा नीति के अनुरूप उच्च शिक्षा के विभिन्न अवसरों एवं पाठ्यक्रमों की जानकारी दी।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. रघुवर पांडेय ने उपस्थित अतिथियों, शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम का आयोजन बीए प्रथम वर्ष की प्रवेश समिति की ओर से डॉ. सुहासिनी सिंह, डॉ. नूतन यादव, डॉ. रघुवर पांडेय, श्रीमती प्रियंका सिंह, डॉ. संतोष यदुवंशी, श्रीमती नेहा परवीन एवं श्रीमती नेहा श्रीवास्तव द्वारा किया गया।

इस अवसर पर डॉ. सीमा सिंह, डॉ. सुधा त्रिपाठी, डॉ. वीना सिंह, डॉ. स्मिता सिंह, डॉ. रुचि श्रीवास्तव, डॉ. प्रियंका पांडेय, डॉ. प्रियंका त्रिपाठी, श्रीमती प्रीति प्रजापति, श्रीमती पूनम यादव सहित शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।