पीआरडी जवानों के लिए मुख्यमंत्री ने दी बड़ी सौगात, कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ

पीआरडी जवानों के लिए मुख्यमंत्री ने दी बड़ी सौगात, कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ

अनुराग लक्ष्य न्यूज

बस्ती। मंगलवार को गोरखपुर स्थित योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह एवं सांस्कृतिक केंद्र, रामगढ़ताल में आयोजित प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के सम्मेलन एवं पीआरडी बैरक के शिलान्यास कार्यक्रम का लाइव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार, बस्ती में अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं पीआरडी जवानों ने देखा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के ग्राम एटर पश्चिम, सरोजनी नगर में करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुमंजिला पीआरडी बैरक का शिलान्यास किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया गया। योजना के माध्यम से पीआरडी जवानों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है।

कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों के लिए बेहतर आवासीय सुविधाएं और स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

कलेक्ट्रेट सभागार में गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा पीआरडी जवानों के मानदेय भत्ते में वृद्धि तथा पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने की घोषणा की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के जीवन में खुशहाली लाने के लिए लगातार कार्य कर रही है और विभिन्न विभागों को समय-समय पर नई सौगात दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों की समस्याओं का समाधान करते हुए उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, विधायक प्रतिनिधि कप्तानगंज गुलाब चन्द्र सोनकर, हर्रैया के सरोज मिश्रा, सदर के मो. सलीम, महादेवा के फूलचन्द्र श्रीवास्तव, एमएलसी प्रतिनिधि हरीश सिंह, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी नवीन तिवारी, श्वेता सिंह, पीआरडी के जवान तथा संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।