हाउस टैक्स वसूली स्थगित, सर्वे की अनियमितताएं दूर होने के बाद व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से होगी न्यूनतम कर वसूली
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। नगर पंचायत नगर में व्यापक जनहित को देखते हुए हाउस टैक्स की वसूली फिलहाल स्थगित कर दी गई है। मंगलवार को नगर पंचायत कार्यालय स्थित अटल भवन के अमर बलिदानी राजा उदय प्रताप नारायण सिंह स्मृति सभागार में आयोजित नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में अध्यक्ष नीलम सिंह राना के प्रस्ताव पर सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया।
बैठक में कहा गया कि हाउस टैक्स सर्वे में सामने आई अनियमितताओं को दूर करने के बाद शासन के निर्देशानुसार नगर पंचायत क्षेत्र के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से ही न्यूनतम टैक्स वसूली निर्धारित की जाएगी। वहीं, लोक निर्माण विभाग की करीब आधा दर्जन सड़कों के पुनरुद्धार के लिए शासन और प्रशासन को पुनः पत्र भेजकर अनुरोध करने का निर्णय लिया गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को ऑनलाइन आवेदन के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए नगर पंचायत कार्यालय में ही ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। छुट्टा पशुओं की समस्या के समाधान के लिए एक माह के भीतर पशु पकड़ने का संयंत्र खरीदने तथा पकड़े गए जानवरों को नगर पंचायत की गोशाला में रखने की व्यवस्था करने का निर्णय हुआ।
प्रधानमंत्री आवास योजना-2 के तहत पात्र लोगों को लाभ दिलाने के लिए जांच टीमों से समन्वय स्थापित कर कम से कम 2500 आवासों के आवेदन भेजने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। नगर पंचायत की नगरीय वाटर सप्लाई टंकी को एक सप्ताह के भीतर हैंडओवर कराने पर भी जोर दिया गया। सभी सरकारी जमीनों को सुरक्षित रखने के लिए अस्थायी चारदीवारी बनाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में आस्था के प्रतीक महादेव मंदिर स्थल के विकास तथा अमर बलिदानी राजा उदय प्रताप नारायण सिंह के ऐतिहासिक राजकोट स्थल के विकास कार्यों को एक माह में पूरा करने का निर्णय हुआ। नगर जूनियर हाईस्कूल में निर्माणाधीन अंतरिक्ष विज्ञान प्रयोगशाला भवन को भी इसी माह विद्यार्थियों को समर्पित करने की बात कही गई।
नगर पंचायत के सभी 15 वार्डों में छोटे-छोटे विकास कार्य राज्य वित्त आयोग की निधि से कराने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही सभी वार्डों में आस्था के प्रतीक बिहौती कुओं और स्थानीय पूजा स्थलों का विकास कराने पर भी सहमति बनी।
बैठक में पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी को भाजपा का राष्ट्रीय महासचिव बनाए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे जिले के लिए गर्व का क्षण बताया गया और राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार जताया गया।
नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम सिंह राना ने कहा कि नगर को देश के नक्शे पर विशिष्ट स्थान दिलाने के लिए प्रयास लगातार जारी रहेंगे। स्वस्थ नगर, स्वच्छ नगर, सुंदर नगर और समृद्ध नगर बनाना हम सभी की प्राथमिकता है।
अधिशासी अधिकारी श्रृष्टि सिंह ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप भेदभाव रहित विकास सुनिश्चित करने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
नवनिर्मित नगर पंचायत भवन के अत्याधुनिक सभागार में हुई यह पहली बोर्ड बैठक उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुई। बैठक में सभासद सोनी सोनकर, रंजना कुमारी, राजेश पाण्डेय, दिनेश चौरसिया, राम सजन यादव, राजकुमार चौधरी, वीरेन्द्र कुमार, सत्यराम निषाद, अखिलेश यादव, विजय साहनी, संदीप कुमार, भानु प्रताप रावत, प्रदीप निषाद और राम चन्द्र सोनकर ने अपने-अपने वार्डों की विभिन्न समस्याओं को सदन के समक्ष रखते हुए चर्चा में भाग लिया।