स्वतंत्रता दिवस पर बस्ती पुलिस के दो अधिकारियों को मिला डीजीपी प्रशंसा चिन्ह-रजत पदक
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर बस्ती पुलिस के लिए गौरव का क्षण रहा। पुलिस सेवा में सराहनीय एवं उत्कृष्ट योगदान के लिए जनपद बस्ती के दो अधिकारियों को प्रतिष्ठित पुलिस महानिदेशक प्रशंसा चिन्ह-रजत (DGP Commendation Disc-Silver) से सम्मानित किया गया है।

सम्मान प्राप्त करने वालों में अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत तथा प्रभारी निरीक्षक तकनीकी शाखा धर्मेन्द्र यादव शामिल हैं। दोनों अधिकारियों को उनके अनुकरणीय कार्य, कर्तव्यनिष्ठा, उत्कृष्ट सेवा एवं देशसेवा के प्रति समर्पण के लिए उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा द्वारा इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक बस्ती ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दोनों अधिकारियों को मेडल पहनाकर तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान अधिकारियों की सराहनीय सेवाओं की प्रशंसा करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।

डीजीपी प्रशंसा चिन्ह-रजत पदक मिलना दोनों अधिकारियों की कर्त्तव्यपरायणता, मेहनत और ईमानदार कार्यशैली का सम्मान है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार और सहकर्मियों में खुशी है, बल्कि संपूर्ण बस्ती पुलिस परिवार का मनोबल भी बढ़ा है।
बस्ती पुलिस परिवार ने दोनों अधिकारियों को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।