80वें स्वतंत्रता दिवस पर इंजीनियर अरविंद पाल ने किया ध्वजारोहण, शहीदों को किया नमन
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता इंजीनियर अरविंद पाल ने सीडीए एकेडमी के प्रांगण में डॉ. अरुणा सिंह पाल के साथ ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के दौरान राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई और पूरे परिसर में देशभक्ति का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम में संस्थान के समस्त शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी गरिमामयी उपस्थिति में शामिल हुए।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान के साथ देश की स्वतंत्रता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर विद्यार्थियों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला। तिरंगे की शान में आयोजित कार्यक्रम ने सभी को देश के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के बलिदान की याद दिलाई।
इंजीनियर अरविंद पाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का दिन है। भारत की आजादी असंख्य वीरों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जिन वीर प्रहरियों और अमर सपूतों ने राष्ट्र की रक्षा और स्वतंत्रता के लिए अपना आज दांव पर लगा दिया, उनके बलिदान को सदैव स्मरण करना और उनके आदर्शों पर चलना हम सभी का दायित्व है।
उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान करते हुए कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। शिक्षा, अनुशासन, मेहनत और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ विद्यार्थी देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने सभी से समाज और राष्ट्रहित में सकारात्मक भूमिका निभाने तथा भारत को विकसित और सशक्त बनाने का संकल्प लेने की अपील की।
डॉ. अरुणा सिंह पाल ने भी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नई पीढ़ी को देश के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और महान स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से जिम्मेदार नागरिक बनने और अपने कार्यों से देश का गौरव बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और उन्नति के लिए संकल्प लिया तथा अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।