राजकिशोर सिंह के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में रंगा हर्रैया
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को हर्रैया में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजकिशोर सिंह के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। बभनान तिराहा से शुरू हुई इस यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों के देशभक्ति के नारों से पूरा हर्रैया कस्बा गूंज उठा।शाम करीब तीन बजे बभनान तिराहा से शुरू हुई तिरंगा यात्रा कस्बे के प्रमुख मार्गों और बाजारों से होते हुए महूघाट स्थित बस स्टैंड तक पहुंची। यात्रा में युवाओं, बुजुर्गों सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। तिरंगे के साथ चल रहे लोगों ने भारत माता की जय, वंदे मातरम और राष्ट्रभक्ति के नारों से माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। यात्रा को लेकर सुबह से ही क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। विभिन्न स्थानों पर लोगों ने यात्रा के स्वागत की तैयारियां की थीं। जैसे ही तिरंगा यात्रा प्रमुख बाजारों और चौराहों पर पहुंची, स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। सड़कों के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग यात्रा को देखने के लिए मौजूद रहे। पूर्व कैबिनेट मंत्री राजकिशोर सिंह के नेतृत्व में निकली इस यात्रा ने लोगों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशप्रेम का संदेश दिया। यात्रा में शामिल लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों और देश की रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। तिरंगा यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर राष्ट्रभक्ति का माहौल बना रहा। जगह-जगह लहराते तिरंगे, देशभक्ति गीत और भारत माता के जयघोष से हर्रैया का वातावरण उत्साह और गौरव से भर उठा। यात्रा के समापन तक लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।