अयोध्या। मलूक पीठाधीश्वर एवं रेवासा धाम पीठाधीश्वर श्री राजेन्द्रदेवाचार्य जी महाराज आज अयोध्या स्थित जानकी घाट बड़ा स्थान पहुंचे। आश्रम आगमन पर उन्होंने माता जानकी का विधिवत पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उनका स्वागत जानकी घाट पीठाधीश्वर जन्मेजय शरण महाराज ने किया।
श्री राजेन्द्रदेवाचार्य जी महाराज के आगमन पर जानकी घाट में उपस्थित साधु-संतों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान संतों के बीच आध्यात्मिक विषयों को लेकर चर्चा भी हुई। संतों ने कहा कि धर्म और अध्यात्म के क्षेत्र में ऐसे संतों का सानिध्य समाज के लिए प्रेरणादायी होता है।
जानकी घाट पीठाधीश्वर जन्मेजय शरण महाराज ने कहा कि मलूक पीठाधीश्वर श्री राजेन्द्रदेवाचार्य जी महाराज अपने आप में धर्म की ध्वजा हैं। ऐसे दिव्य संतों का जीवन मानव कल्याण और समाज को आध्यात्मिक दिशा देने के लिए समर्पित होता है। उनके अयोध्या आगमन से संत समाज में उत्साह के साथ ही सकारात्मक और आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण हुआ है।
इस अवसर पर जानकी घाट बड़ा स्थान पर संत-महंतों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। सभी ने श्री राजेन्द्रदेवाचार्य जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।