बहराइच पुलिस की बड़ी सफलता, 211 गुमशुदा मोबाइल बरामद कर वास्तविक मालिकों को किए सुपुर्द
बहराइच। जनपद बहराइच पुलिस ने गुमशुदा मोबाइल फोनों की बरामदगी के अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 211 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत 58 लाख 25 हजार 300 रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अभियान का पर्यवेक्षण अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह द्वारा किया गया, जबकि जनपदीय सर्विलांस टीम ने सभी थाना प्रभारियों के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान को सफल बनाया।
सर्विलांस टीम ने भारत सरकार के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की सहायता से सैमसंग, वीवो, ओप्पो, टेक्नो, रेडमी, वनप्लस सहित विभिन्न कंपनियों के कुल 211 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए। रविवार को पुलिस अधीक्षक ने सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किए।
अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों ने खुशी व्यक्त की और बहराइच पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक एवं सर्विलांस टीम का आभार जताया। उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक ने जनपदीय सर्विलांस टीम को पुरस्कृत किए जाने की भी घोषणा की।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने आमजन से अपील की कि वे अपने मोबाइल फोन में ‘संचार सारथी’ ऐप डाउनलोड करें तथा मोबाइल खोने या चोरी होने की स्थिति में तत्काल स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराकर CEIR पोर्टल पर मोबाइल ब्लॉक कराने की प्रक्रिया पूरी करें। उन्होंने बताया कि ऐसा करने से मोबाइल की ट्रैकिंग एवं बरामदगी की संभावना बढ़ जाती है और कार्रवाई की जानकारी पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त होती रहती है।
मुख्य उपलब्धि:
– कुल बरामद मोबाइल: 211
– अनुमानित कीमत: ₹58,25,300
– बरामदगी करने वाली टीम: जनपदीय सर्विलांस टीम एवं थाना स्तर की मोबाइल रिकवरी टीमें।