बल्लीपट्टी देवरिया में तीन दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
ग्रामीण अंचल की प्रतिभाओं को निखारने का बेहतर मंच हैं खेल प्रतियोगिताएं : जगदीश शुक्ला
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। बल्लीपट्टी देवरिया स्थित आजाद क्लब देवरिया के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का शनिवार को वरिष्ठ भाजपा नेता एवं समाजसेवी जगदीश शुक्ला ने फीता काटकर भव्य शुभारंभ किया। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर क्षेत्र के खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों एवं ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
प्रतियोगिता के आयोजक तथा ए.ए.आर.एस. कन्या इंटर कॉलेज एवं सिटी इंटरनेशनल स्कूल, बल्लीपट्टी के प्रबंधक अशरफ खान ने बताया कि तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों की कई टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
मुख्य अतिथि जगदीश शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण अंचलों में आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताएं प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए सुनहरा अवसर साबित होती हैं। उन्होंने कहा कि गांवों में अनेक ऐसे खिलाड़ी हैं, जिनमें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने की क्षमता है। यदि उन्हें उचित मंच, संसाधन और मार्गदर्शन मिले तो वे जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास करते हैं। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन नियमित रूप से होने चाहिए, जिससे ग्रामीण युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता रहे।
कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी अर्जुन उपाध्याय, गुड्डू सिंह, जावेद, अरशद, आदिल, सत्यम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के पहले दिन रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और पूरे क्षेत्र में खेल के प्रति उत्साह का माहौल देखने को मिला।