राष्ट्रपति को सपा का तीखा ज्ञापन, चार प्रमुख मांगों पर उठाई आवाज
जिलाध्यक्ष अब्दुल कलाम ने दी आंदोलन की चेतावनी, कहा—अनदेखी हुई तो होगा जनआंदोलन
गृहमंत्री के इस्तीफे से लेकर शिक्षा व न्याय के मुद्दों तक, सरकार पर साधा निशाना
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक अब्दुल कलाम ने राष्ट्रपति महोदया को एक महत्वपूर्ण ज्ञापन भेजकर चार प्रमुख मांगों को लेकर केंद्र सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। यह ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली प्रेषित किया गया।
ज्ञापन में सपा जिलाध्यक्ष ने देश के मौजूदा हालात पर चिंता व्यक्त करते हुए गृहमंत्री के तत्काल इस्तीफे की मांग की है। साथ ही छात्रों की जायज मांगों को लेकर शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अव्यवस्थाओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई गई है।
इसके अलावा समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री आजम खान की रिहाई तथा उनके ऊपर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की भी मांग की गई है। ज्ञापन में राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले का भी उल्लेख करते हुए संबंधित आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की बात कही गई है।
अब्दुल कलाम ने चेतावनी दी कि यदि इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो समाजवादी पार्टी व्यापक जन आंदोलन के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस ज्ञापन को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है और इसे आगामी दिनों में बड़े आंदोलन की भूमिका माना जा रहा है।