जिलाधिकारी की अध्यक्षता में पत्रकार स्थायी समिति की बैठक हुई आयोजित।

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में पत्रकार स्थायी समिति की बैठक हुई आयोजित।

 

पत्रकारों के मुद्दों पर सख्त हुए डीएम, हर समस्या के समाधान का दिया भरोसा

 

प्रेस क्लब भवन निर्माण पर बढ़ा दबाव, शासन को फिर भेजा जाएगा रिमाइंडर

 

पत्रकारों की सुरक्षा, इलाज और अधिकारों पर प्रशासन का बड़ा आश्वासन

 

जितेन्द्र पाठक

 

संत कबीर नगर जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में पत्रकार स्थायी समिति की बैठक कलेक्ट्रेट कक्ष में आयोजित हुई। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) सत्य प्रकाश, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह, सूचना अधिकारी सहित पत्रकार स्थायी समिति के सम्मानित सदस्यगण उपस्थित रहे।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी पत्रकार बन्धुओं का स्वागत करते हुए कहा कि जनपद स्तर पर पत्रकार एवं प्रशासन के मध्य सौहार्दपूर्ण सम्बन्ध स्थापित करने एवं प्रेस की स्वतंत्रता को अक्षुण्ण बनाये रखने के उद्देश्य से पत्रकार स्थायी समिति की बैठक निर्धारित समय अंतराल पर आयोजित की जाती रहें।

वरिष्ठ पत्रकार पवन कुमार श्रीवास्तव द्वारा जनपद में सूचना संकुल/प्रेस क्लब भवन निर्माण से संबंधित सुझाव एवं सूचना संकुल भवन निर्माण की दिशा में की जा रही कार्यवाही में प्रगति लाने के बिंदु पर सूचना अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि सूचना संकुल भवन के निर्माण के संबंध में जिलाधिकारी के माध्यम से भी शासन/मुख्यालय को अनुस्मारक पत्र प्रेषित कर दिया गया है, इस संबंध में मुख्यालय स्तर से जानकारी करने पर ज्ञात हुआ है कि प्रदेश के कई जनपदों में सूचना संकुल/प्रेस क्लब भवन के निर्माण की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है, जल्द ही इस दिशा में संबंधित जनपदों को दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे जिसमें जनपद संत कबीर नगर का भी नाम सम्मिलित है, इस पर जिलाधिकारी ने सूचना अधिकारी को उनकी तरफ से शासन/मुख्यालय को पुनः एक अनुस्मारक पत्र भेजने हेतु निर्देशित किया, जिससे जनपद में सूचना संकुल/प्रेस क्लब भवन निर्माण कार्य यथाशीघ्र शुरू कराया जा सके।

बैठक में पत्रकार सौरभ त्रिपाठी द्वारा धनघटा तहसील में पत्रकारों की सुविधा के दृष्टिगत जन सहयोग से भवन निर्माण करने हेतु सूचना विभाग, संत कबीर नगर के नाम से जमीन उपलब्ध कराने के बिंदु पर जिलाधिकारी ने कहा कि इस संदर्भ में पत्रकार हित में नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

बैठक में पत्रकार पवन कुमार श्रीवास्तव, जितेंद्र पाठक, रमेश शर्मा व अन्य पत्रकारों द्वारा जनपद के जिला चिकित्सालय सहित अन्य चिकित्सालयों में ऑनलाइन पंजीकरण/पर्ची कटवाने से लेकर संबंधित चिकित्सक से परामर्श एवं इलाज की प्रक्रिया को सरल, सुविधाजनक एवं वरीयता देने से संबंधित उठाए गए बिंदु पर जिलाधिकारी ने कहा की इस संबंध में मुख्य चिकित्साधिकारी को अवगत कराया जाएगा कि पत्रकारों अथवा उनके परिवारों के इलाज/चिकित्सकीय परामर्श को सुगम एवं सुविधाजनक बनाया जाए।

बैठक में पत्रकार बंधुओं द्वारा मान्यता प्राप्त एवं पंजीकृत समाचार संस्थानों से जुड़े पत्रकारों के बच्चों को शिक्षा का अधिकार (RTE) योजना के अंतर्गत सरकारी एवं पात्र निजी विद्यालयों में निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने, मान्यता प्राप्त पत्रकारों के साथ-साथ पंजीकृत समाचार संस्थानों से जुड़े अन्य पत्रकारों को भी आयुष्मान भारत योजना अथवा अन्य सरकारी स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ प्रदान करने तथा किसी भी पत्रकार के विरुद्ध पुलिस में प्राप्त शिकायत या प्रार्थना पत्र पर बिना सक्षम अधिकारी द्वारा निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच किए कोई मुकदमा पंजीकृत न किए जाने आदि से संबंधित बिंदुओं पर जिलाधिकारी द्वारा आश्वस्त किया गया कि प्रशासन पूरी तरह से पत्रकारों की सुरक्षा एवं हित को वरीयता देता है। उन्होंने कहा कि जनपद में प्रिंट/इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार बन्धुओं के साथ किसी भी स्तर पर प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से यदि किसी तरह का उत्पीड़न/व्यवधान संज्ञान में आता है तो उस पर तत्काल कार्यवाही की जायेगी।

बैठक में सम्मानित पत्रकारों द्वारा प्रशासन एवं पत्रकार के बीच आपसी ताल-मेल एवं सौहार्द को बेहतर बनाये रखने से सम्बन्धित सुझावों की सराहना करते हुए जिलाधिकारी ने पत्रकार हित में उठाई गई मांगों पर नियमानुसार कार्यवाही करने हेतु आश्वस्त किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार पवन कुमार श्रीवास्तव, राजेश पांडेय, रमेश शर्मा, जितेंद्र पाठक, सौरभ त्रिपाठी एवं सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज उपस्थित रहे।