पुलिस परिवार के लिए वामासारथी का निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 200 लोगों ने उठाया लाभ

पुलिस परिवार के लिए वामासारथी का निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 200 लोगों ने उठाया लाभ

अनुराग लक्ष्य न्यूज

बस्ती । पुलिस परिवार के स्वास्थ्य एवं कल्याण को प्राथमिकता देते हुए वामासारथी बस्ती की ओर से रविवार को निःशुल्क मेडिकल, डेंटल एवं ब्लड जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) बस्ती परिक्षेत्र की उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम का आयोजन वामासारथी अध्यक्षा एवं पुलिस अधीक्षक बस्ती की पत्नी के मार्गदर्शन में किया गया।

शिविर का उद्देश्य पुलिसकर्मियों और उनके परिवार के सदस्यों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराना था। इस दौरान लगभग 150 से 200 पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।

शिविर में आशा मेडिकल हेल्थ केयर एंड डेंटल केयर की डॉ. करिश्मा पाण्डेय ने मेडिकल एवं डेंटल जांच की। वहीं नारायणा डायग्नोस्टिक्स की ओर से विभिन्न प्रकार की ब्लड जांच निःशुल्क की गई। टेंडर पाम सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के डॉ. राजेश (एमडी) ने प्रतिभागियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।

कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी लाइन, प्रतिसार निरीक्षक लाइन, प्रभारी वामासारथी सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस परिवार के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए ऐसे शिविर अत्यंत उपयोगी हैं।

वामासारथी अध्यक्षा ने कहा कि पुलिस परिवार के सदस्यों के बेहतर स्वास्थ्य और कल्याण के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि पुलिसकर्मी स्वस्थ रहकर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।

डीआईजी बस्ती परिक्षेत्र ने भी वामासारथी बस्ती के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम पुलिस परिवार में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी चिकित्सकों, नारायणा डायग्नोस्टिक्स एवं टेंडर पाम सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का आभार व्यक्त किया।