50 हजार इनामी भुट्टू अली गिरफ्तार, धनघटा-महुली पुलिस संयुक्त कार्रवाई
अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह के 3 आरोपी दबोचे, 23 किलो से अधिक गांजा बरामद
बिना नंबर पिकअप, तमंचा-कारतूस बरामद, पुलिस टीम को 25 हजार पुरस्कार घोषित
जितेंद्र पाठक
संतकबीरनगर। अपराध और मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में धनघटा व महुली पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 50 हजार के इनामी वांछित अभियुक्त भुट्टू अली को उसके दो साथियों के साथ गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों के कब्जे से लगभग 23 किलो 810 ग्राम अवैध गांजा, बिना नंबर की पिकअप, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।
कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन मुथा अशोक जैन, पुलिस महानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी, पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के मार्गदर्शन तथा अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में की गई। प्रभारी निरीक्षक धनघटा दिलीप सिंह और थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने 19 जुलाई 2026 को ग्राम घोरांग श्मशान घाट के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिना नंबर की पिकअप में सवार तीन संदिग्ध असरशपुर बाजार क्षेत्र में घूम रहे हैं। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर आरोपी बैरियर तोड़कर भागने लगे, लेकिन धनघटा व महुली पुलिस की घेराबंदी में वाहन पेड़ से टकरा गया और तीनों को मौके पर पकड़ लिया गया। हादसे में चालक के पैर में चोट लगने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली भेजा गया। तलाशी में आरोपी गुलाम जिलानी के पास से अवैध तमंचा व दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों में भुट्टू अली, नूर मोहम्मद शाह और गुलाम जिलानी निवासी ग्राम अहिरौली दुबौली टोला तकिया थाना गोपालपुर जनपद गोपालगंज (बिहार) शामिल हैं। बरामदगी के आधार पर थाना धनघटा में विभिन्न धाराओं सहित एनडीपीएस एक्ट व आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले चोरी और गोवंश तस्करी करते थे, लेकिन वर्तमान में अवैध गांजा तस्करी कर विभिन्न क्षेत्रों में बेचते थे। पुलिस से बचने के लिए उन्होंने कबाड़ और नए पार्ट्स से बिना नंबर की पिकअप तैयार कराई थी तथा पहचान छिपाने के लिए इंजन और चेसिस नंबर मिटा दिए थे।
भुट्टू अली के खिलाफ विभिन्न जनपदों में कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह लंबे समय से वांछित चल रहा था। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपी अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय गिरोह के सदस्य हैं।
गिरफ्तारी में धनघटा थाना से दिलीप सिंह, रविन्द्र निषाद, जितेन्द्र यादव, सलमान अंसारी तथा महुली थाना से दुर्गेश कुमार पाण्डेय, तबरेज खान, आनन्द दूबे, राज मंगल यादव की भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने संयुक्त टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।