NEET-2026 में आर.सी.सी. पब्लिक स्कूल का शानदार प्रदर्शन, तीन छात्रों का एमबीबीएस के लिए चयन
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET)-2026 में आर.सी.सी. पब्लिक स्कूल, बस्ती के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। विद्यालय के तीन छात्रों ने सफलता हासिल कर एमबीबीएस में प्रवेश का मार्ग प्रशस्त किया है।
विद्यालय के छात्र हर्ष मौर्या ने 621 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक 4953 हासिल की। वहीं अभय मिश्रा ने 569 अंक के साथ ऑल इंडिया रैंक 8989 तथा अनुराग वर्मा ने 569 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक 11574 अर्जित की। छात्रों की सफलता की सूचना मिलते ही विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल छा गया।
इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में विद्यालय के निदेशक शैलेश चौधरी और प्रधानाचार्य नवनीत दीक्षित ने तीनों विद्यार्थियों को पुष्पगुच्छ व स्मृति-चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने छात्रों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
निदेशक शैलेश चौधरी ने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कठिन मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और अभिभावकों के सतत सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी पर विशेष ध्यान देता है।
प्रधानाचार्य नवनीत दीक्षित ने कहा कि तीनों छात्रों की सफलता विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी आर.सी.सी. पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं जनपद का नाम रोशन करते रहेंगे।
विद्यालय परिवार ने सफल विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए उनके सफल चिकित्सा जीवन की शुभकामनाएँ दी हैं।