*इन्स्पायर अवार्ड मानक योजना में 15 जुलाई से 15 सितंबर तक होंगे ऑनलाइन नामांकन: डीआईओएस*
अम्बेडकरनगर। जिला विद्यालय निरीक्षक कौस्तुभ कुमार सिंह ने जनपद के सभी माध्यमिक विद्यालयों को वर्ष 2026-27 की इन्स्पायर अवार्ड मानक योजना के अंतर्गत कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं के अधिकाधिक ऑनलाइन नामांकन कराने के निर्देश दिए हैं। शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में जारी आदेश के अनुसार नामांकन की प्रक्रिया 15 जुलाई से 15 सितंबर 2026 तक संचालित होगी।
डीआईओएस ने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक विद्यालय अपने यहां से चयनित पांच सर्वश्रेष्ठ मौलिक एवं नवाचारी विचारों का ऑनलाइन नामांकन ई-एमआईएएस (E-MIAS) पोर्टल पर करेगा। इसके लिए विद्यालयों में प्रार्थना सभा, नोटिस बोर्ड और शिक्षकों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने, विद्यार्थियों को नवाचार विकसित करने के लिए प्रेरित करने तथा विद्यालय परिसर में आइडिया बॉक्स स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।
विद्यालय स्तर पर विचार प्रतियोगिता आयोजित कर नवीनता, सामाजिक उपयोगिता, पर्यावरण मित्रता, मौलिकता और व्यवहारिकता के आधार पर शीर्ष पांच नवाचारों का चयन किया जाएगा। साथ ही यू-डाइस कोड का सत्यापन, नए विद्यालयों का पंजीकरण, छात्र-छात्राओं के बैंक खातों का विवरण तथा ऑनलाइन आवेदन में बैंक संबंधी सभी सूचनाएं सही दर्ज कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
डीआईओएस ने प्रधानाचार्यों एवं प्रधानाध्यापकों से कहा है कि विद्यार्थियों के विचारों को गुणवत्तापूर्ण और मौलिक स्वरूप देने में पूरा सहयोग करें। विज्ञान क्लब, गणित क्लब, ईको क्लब, विज्ञान शिक्षकों तथा विशेषज्ञों के सहयोग से कार्यशालाएं आयोजित कर छात्रों को नवाचार के लिए प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने बताया कि जनपद में इस अभियान की नियमित निगरानी के लिए पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, पहितीपुर-खजूरडीह के प्रधानाचार्य जय चन्द को पर्यवेक्षण अधिकारी नामित किया गया है, जो प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट जिला विद्यालय निरीक्षक को उपलब्ध कराएंगे।
इन्स्पायर अवार्ड मानक योजना की प्रमुख बातें
नामांकन अवधि: 15 जुलाई से 15 सितंबर 2026
पात्रता: कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राएं
प्रत्येक विद्यालय: 5 सर्वश्रेष्ठ नवाचारी विचारों का ऑनलाइन नामांकन
आवश्यक दस्तावेज: यू-डाइस सत्यापन, छात्र का बैंक खाता व सही आईएफएससी कोड
चयन के आधार: मौलिकता, सामाजिक उपयोगिता, नवीनता, पर्यावरण मित्रता और व्यवहारिकता
निगरानी अधिकारी: जय चन्द, प्रधानाचार्य, पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, पहितीपुर-खजूरडीह, अम्बेडकरनगर