जिला पंचायत अध्यक्ष बलराम यादव को मिली नई जिम्मेदारी, बने जिला पंचायत संतकबीरनगर के प्रशासक

जिला पंचायत अध्यक्ष बलराम यादव को मिली नई जिम्मेदारी, बने जिला पंचायत संतकबीरनगर के प्रशासक

 

जितेन्द्र पाठक

 

संतकबीरनगर। जिला पंचायत अध्यक्ष के रूप में सफलतापूर्वक पाँच वर्षों का कार्यकाल पूर्ण करने के बाद बलराम यादव को उत्तर प्रदेश शासन ने पुनः बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए जिला पंचायत संतकबीरनगर का प्रशासक नियुक्त किया है।जिलाधिकारी कार्यालय में जिलाधिकारी आलोक कुमार द्वारा उन्हें विधिवत कार्यभार ग्रहण कराया गया।

इस अवसर पर बलराम यादव ने कहा कि यह दायित्व उनके लिए केवल एक प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जिले की जनता के अटूट विश्वास, स्नेह और आशीर्वाद का सम्मान है। उन्होंने कहा कि पिछले पाँच वर्षों में गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं को समझने और विकास कार्यों को गति देने का प्रयास किया गया, जिसमें जनता का भरपूर सहयोग मिला।

उन्होंने कहा कि बुजुर्गों का आशीर्वाद, युवाओं का विश्वास, किसानों का स्नेह और माताओं-बहनों का समर्थन ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। यही विश्वास उन्हें जनसेवा के लिए निरंतर प्रेरित करता रहा है।

बलराम यादव ने कहा कि नई जिम्मेदारी के साथ उनका संकल्प और मजबूत हुआ है तथा वह संतकबीरनगर को विकास, पारदर्शिता और जनहित के नए आयामों तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे।

उन्होंने जिले की जनता, शुभचिंतकों, कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “पद बदल सकते हैं, लेकिन जनता की सेवा का संकल्प कभी नहीं बदलता।”

नई जिम्मेदारी मिलने पर समर्थकों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है तथा उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।