बीमार युवती की मदद को आगे आए युवा समाजसेवी मनीष मिश्रा, दिल्ली में इलाज व हवाई यात्रा की कराई व्यवस्था
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती। पहल सोशल वेलफेयर एंड एजूकेशनल सोसायटी के संस्थापक एवं युवा समाजसेवी मनीष मिश्रा एक बार फिर अपने मानवीय कार्यों को लेकर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर इन दिनों उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपने संगठन से जुड़ी एक महिला का फोन पर हालचाल लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में युवती की बीमारी की जानकारी मिलने पर मनीष मिश्रा न केवल उसका हौसला बढ़ाते हैं, बल्कि उसके बेहतर इलाज की तत्काल व्यवस्था कराने का भरोसा भी देते हैं।
जानकारी के अनुसार, कप्तानगंज क्षेत्र की रहने वाली प्रिया गंभीर रूप से बीमार हैं और आर्थिक तंगी के कारण अपना समुचित इलाज कराने में असमर्थ थीं। जब इसकी जानकारी मनीष मिश्रा को मिली तो उन्होंने स्वयं युवती से फोन पर बात कर उसका मनोबल बढ़ाया। इसके बाद उन्होंने संबंधित चिकित्सकों से संपर्क कर दिल्ली में उपचार एवं ऑपरेशन की व्यवस्था सुनिश्चित कराई। इतना ही नहीं, मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए हवाई जहाज का टिकट भी उपलब्ध कराया, जिससे उसे बिना किसी परेशानी के दिल्ली पहुंचकर इलाज मिल सके।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने मनीष मिश्रा की संवेदनशीलता और समाजसेवा की सराहना की। कई लोगों ने इसे जरूरतमंदों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का उदाहरण बताया। इस संबंध में जब बस्ती न्यूज टाइम्स ने पीड़ित महिला प्रिया से बातचीत की तो उन्होंने भावुक होकर कहा, “मनीष भैया बहुत ही अच्छे हैं। वह हमेशा सबका ख्याल रखते हैं। मेरी परेशानी को अपनी परेशानी समझकर उन्होंने इलाज की पूरी व्यवस्था कराई। मुझे गर्व है कि मुझे मनीष मिश्रा जैसा भाई मिला। मैं उनके इस सहयोग को जीवनभर नहीं भूलूंगी।”
स्थानीय लोगों का कहना है कि मनीष मिश्रा लगातार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और जरूरतमंदों की सहायता जैसे सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहते हैं। उनकी इस पहल ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि समाज में संवेदनशीलता और सेवा का भाव आज भी जीवित है। जरूरत के समय किसी जरूरतमंद का हाथ थामना ही सच्ची समाजसेवा है और इसी भावना के साथ मनीष मिश्रा लगातार लोगों की मदद के लिए आगे आते रहे हैं।