जन जन की भागीदारी, हरित आवरण की तैयारी’ के संकल्प के साथ पौधरोपण अभियान का हुआ शुभारम्भ 

‘जन जन की भागीदारी, हरित आवरण की तैयारी’ के संकल्प के साथ पौधरोपण अभियान का हुआ शुभारम्भ

 

बहराइच । देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की प्रेरणा व प्रदेश के मा. मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की अपील के अनुसार ‘‘एक पेड़-माँ के नाम’’ अभियान के तहत वृक्षारोपण जन अभियान 2026-27 अन्तर्गत प्रदेश में 35 करोड़ तथा जनपद में 63 लाख 12 हजार 600 पौध रोपण अभियान का मुख्य अतिथि मा. राज्य मंत्री, कारागार श्री सुरेश राही ने विधायक महसी सुरेश्वर सिंह, नानपारा के राम निवास वर्मा, जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, प्रभागीय वनाधिकारी बहराइच सुन्दरेशा, निदेशक चीनी मिल नानपारा अखण्ड प्रताप सिंह, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि रमाकर पाण्डेय व अन्य जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों के साथ तहसील महसी के विकासखण्ड तेजवापुर अन्तर्गत कटहा ग्राम समाज भूमि के परिसर के कपि वन में विधिवत पूजन अर्चन के पश्चात हरीशंकरी पौध रोपित कर वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर पी.एम. श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय कीर्तनपुर की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री राही ने ‘‘एक पेड़-माँ के नाम’’ अभियान के तहत सभी से अपील की कि संसार के सर्वाधिक पूज्यनीय रिश्ते मॉ के नाम एक पौध लगाकर उसकी देखभाल भी अपनी मॉ की भांति करें नाना प्रकार की पर्यावरणीय समस्याओं का सबसे आसान और सुलभ उपाय पौध रोपण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मा. मुख्यमंत्री के दिशा निर्देश पर आज सम्पूर्ण प्रदेश में 35 करोड़ पौध रोपित किये जा रहे है। श्री राही ने आमजन का आहवान किया कि भूमि की उपलब्धता के अनुसार अधिक से अधिक पौध रोपित करें।

मुख्य अतिथि श्री राही ने सरकार द्वारा संचालित कार्यक्रमों विशेषकर प्रधानमंत्री आवास व मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों का आहवान किया कि एक-एक पेड़ अवश्य लगाये। उन्होंने जलवायु एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक हरीशंकरी प्रजाति के पौध लगाकर उनकी सुरक्षा का भी प्रबन्ध करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वृक्ष इस सुन्दर धरा के आभूषण है हमें चाहिए कि धरती मां का नाना प्रकार के आभूषणों से श्रृंगार करें तथा अधिक वर्षा हो और अनन्तकाल के मानव का अस्तित्व पृथ्वी पर कायम रहे।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विधायक महसी सुरेश्वर सिंह व विधायक नानपारा राम निवास वर्मा ने कहा कि जलवायु एवं पर्यावरण संरक्षण केे लिए सबसे सरल एवं सर्वाेत्तम उपाय वृक्षारोपण करना है। विधायक द्वय ने आमजन का आहवान किया कि भूमि की उपलब्धा के अनुसार अधिक से अधिक पौध रोपण कर अमूल्य धरा का श्रृंगार करें। वक्तागण ने कहा कि यह हम सभी का नैतिक कर्तव्य है कि हम आगे आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित पर्यावरण का निर्माण करें।

जिलाधिकारी श्री त्रिपाठी ने आभार ज्ञापित करते हुए बताया की जनपद में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष 63 लाख 12 हजार 600 पौध रोपित करने के लिए सुबह से ही बड़े स्तर पर वृक्षारोपण किया जा रहा हैं। डीएम ने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि आमजन, जनप्रतिनिधियों, लक्षित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयास से लक्ष्य से अधिक पौधे रोपित किये जायेंगे। डीएम ने हरीशंकरी व षहजन पौध के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि औषधीय गुणों से भरपूर इस पौध में आयरन प्रचुर मात्रा में पाया जाता हैं जो महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य के लिए काफ़ी लाभदायक हैं सभी लोग अपने घर पर सहजन का एक पौध अवश्य लगाएं।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद, जिला विकास अधिकारी राज कुमार, ग्राम प्रधान व अन्य जनप्रतिनिधियों, संभ्रान्तजन व गणमान्यजन, कृषकों, अधिकारियों, छात्र, छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं व आमजन के साथ नीम, पीपल व पाकड़ सहित विभिन्न प्रजाति के पौधों का रोपण किया गया।

:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः