थाना समाधान दिवस में अफसरों ने सुनीं फरियाद, त्वरित निस्तारण के सख्त निर्देश
जिलाधिकारी आलोक कुमार, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना, सदर
एसडीएम हृदयराम तिवारी पहुंचे कोतवाली खलीलाबाद
राजस्व-पुलिस समन्वय से शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण समाधान पर जोर
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर। थाना समाधान दिवस के अवसर पर शनिवार को कोतवाली खलीलाबाद में जिलाधिकारी आलोक कुमार, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना तथा सदर एसडीएम खलीलाबाद हृदयराम तिवारी की उपस्थिति में जनसुनवाई आयोजित की गई। इस दौरान अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर ही संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम में पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्राप्त सभी शिकायतों का शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व और पुलिस विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने शिकायत पंजिका का निरीक्षण भी किया तथा पहले से निस्तारित मामलों की समीक्षा करते हुए फरियादियों से फीडबैक लिया। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और संवेदनशीलता बनाए रखें, जिससे आमजन को त्वरित राहत मिल सके।