महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किए जाने पर हनुमानगढ़ी के पूज्य महंत संजय दास महाराज को बधाई देने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में आज पूर्व सांसद एवं कद्दावर नेता श्री बृजभूषण शरण सिंह (दाऊ) हनुमानगढ़ी पहुँचे। उन्होंने महंत संजय दास से भेंट की और उन्हें इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए पुष्पगुच्छ भेंट कर हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि महंत संजय दास महाराज का अखाड़ा परिषद के प्रवक्ता पद पर चयन सनातन धर्म और संतों के गौरव को बढ़ाने वाला है। उन्होंने विश्वास जताया कि महाराज जी अपनी वाकपटुता और धर्मनिष्ठता से अखाड़ा परिषद के विचारों को प्रभावी ढंग से समाज के समक्ष रखेंगे। महंत संजय दास ने श्री बृजभूषण शरण सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संतों का आशीर्वाद और आप जैसे समर्थकों का स्नेह सदैव ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने संकल्प दोहराया कि वे सनातन संस्कृति के संरक्षण और अखाड़ा परिषद की मर्यादा को अक्षुण्ण रखने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। इस दौरान हनुमानगढ़ी के संतों और स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने भी महंत संजय दास को बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।