केंद्रीय प्रभारी अधिकारी ने राजकीय जिला पुस्तकालय का किया निरीक्षण
नीति आयोग के सहयोग से डिजिटल हुआ राजकीय जिला पुस्तकालय
अपग्रेडेशन कर पाठकों के लिए सुविधाओं का हुआ विस्तार
बहराइच । जनपद स्तर पर प्रतियोगी छात्रों के लिए अध्ययन हेतु डिजिटली सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से नीति आयोग भारत सरकार से वर्ष 2023 में प्राप्त हुई धनराशि रू. 103.65 लाख से गेंद घर मैदान स्थित राजकीय जिला पुस्तकालय बहराइच को डिजिटल लाइब्रेरी के रूप में विकसित करने के साथ साथ पाठकों के लिए सुविधाओं का विस्तार किया गया है। डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना से एक स्थान पर न्यूनतम शुल्क पर प्रतियोगी छात्रों को आफलाइन व आनलाइन अध्ययन सामग्री उपलब्ध करायी जा रही है।
जनपद भ्रमण पर आये नीति आयोग भारत सरकार के केंद्रीय प्रभारी अधिकारी/संयुक्त सचिव, भारत सरकार आलोक तिवारी ने जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी के साथ राजकीय लाइब्रेरी बहराइच में कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम निर्माण खण्ड बहराइच द्वारा अपग्रेडेशन कार्य का निरीक्षण किया। डीएम ने प्रभारी अधिकारी को बताया कि राजकीय जिला पुस्तकालय के अपग्रेडेशन कार्य में सबसे बड़ी चुनौती पूर्व में स्थापित लाइब्रेरी में रखी हुयी पुस्तकों, फर्नीचर व अलमारी को हटाकर रिनोवेशन कराना था। परन्तु तमाम चुनौतियों का सामना करते हुए पाठकों की सुविधा के लिए राजकीय जिला पुस्तकालय को वातानुकूलित करने के साथ-साथ पुस्तकालय को डिजिटली अपग्रेड करते हुए वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध करायी गयी है।
डीएम श्री त्रिपाठी ने बताया कि यहां पर आने वाले पाठकों के अध्ययन के लिए आफलाइन व आनलाइन पुस्तकों को उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गयी है। राजकीय जिला पुस्तकालय डिजिटली अपग्रेड होने से गरीब एवं मेधावी छात्रों को न्यूनतम शुल्क के साथ आधुनिक सुविधाओं सहित आफलाइन व आनलाइन अध्ययन सामग्री उपलब्ध हो रही है। निरीक्षण के समय जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वदानन्द, कार्यदायी संस्था के सहायक अभियंता इं.चन्द्र प्रकाश त्रिवेदी, ,आयुष चिकित्साधिकारी डा पीयूष नायक, अपर सांख्यिकीय अधिकारी तीरथ राम वर्मा सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः