पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव द्वारा पुलिस लाइन सभागार में समस्त क्षेत्राधिकारियों के साथ की गयी बैठक, दिए गये आवश्यक दिशा-निर्देश

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव द्वारा पुलिस लाइन सभागार में समस्त क्षेत्राधिकारियों के साथ की गयी बैठक, दिए गये आवश्यक दिशा-निर्देश

 

आज दिनांक 04.07.2026 को पुलिस अधीक्षक श्री विश्वजीत श्रीवास्तव द्वारा पुलिस लाइन सभागार में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों के साथ बैठक का आयोजन किया गया । बैठक में शासन की प्राथमिकताओं, अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, मानसून एवं बाढ़ की आशंका के दृष्टिगत तैयारियों, विवेचनाओं, आईजीआरएस एवं जनशिकायतों के निस्तारण के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये । साथ ही लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी, निरोधात्मक कार्रवाई, संगठित अपराध, अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी, सीमा क्षेत्र में तस्करी, अवैध खनन एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु अभियान चलाकर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

 

पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा महिला सुरक्षा एवं जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मिशन शक्ति अभियान, महिला हेल्प डेस्क, कम्यूनिटी पुलिसिंग, वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के संवेदनशील निस्तारण, सार्वजनिक स्थलों, बैंक एवं बाजारों में नियमित गश्त एवं चेकिंग तथा चोरी की घटनाओं की रोकथाम पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही आईजीआरएस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं अन्य जनशिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, फरियादियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार तथा लापरवाही पर जवाबदेही तय करने के निर्देश भी दिए गये। मानसून एवं बाढ़ की आशंका के दृष्टिगत संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थानीय प्रशासन से समन्वय बनाए रखते हुए आवश्यक तैयारियां पूर्ण रखने, सोशल मीडिया पर सतत निगरानी, भ्रामक एवं भड़काऊ पोस्टों पर त्वरित वैधानिक कार्रवाई, डायल-112 एवं थाना पुलिस को सतर्क रखने तथा प्रभावी गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

 

इसके अतिरिक्त महोदय द्वारा शासन की मंशा के अनुरूप अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने, जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री आयुष विक्रम सिंह एवं समस्त क्षेत्राधिकारीगण उपस्थित रहे।