महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का जन्मदिन अयोध्या में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे ‘पवन’ के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर उनके दीर्घायु होने की कामना की।
151 बच्चियों को मिली साइकिल और बैग मुख्य कार्यक्रम पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे ‘पवन’ के कृष्णापुर स्थित आवास पर आयोजित हुआ, जहाँ उन्होंने 151 मेधावी बच्चियों को साइकिल और बैग वितरित कर उन्हें प्रोत्साहित किया। इस दौरान उन्होंने अखिलेश यादव के उत्तम स्वास्थ्य और लंबी आयु की ईश्वर से प्रार्थना की।
लोहिया भवन में कटा केक, हुआ वृक्षारोपण सपा महानगर कार्यालय ‘लोहिया भवन’ पर आयोजित समारोह में पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे ‘पवन’, निवर्तमान महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव, महासचिव हामिद जाफर मीसम और उपाध्यक्ष श्रीचंद यादव समेत तमाम वरिष्ठ नेताओं ने केक काटकर जश्न मनाया। पार्टी कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। इसके अतिरिक्त, चौक क्षेत्र में महानगर कमेटी द्वारा मजदूरों के बीच मिठाई वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया।
भाजपा सरकार पर बरसे पूर्व मंत्री
इस मौके पर पूर्व मंत्री पवन ने भाजपा सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि सपा शासनकाल में शुरू की गई लैपटॉप वितरण, कन्या विद्याधन और बेरोजगारी भत्ता जैसी जनहित की योजनाएं आज बंद कर दी गई हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश का हर वर्ग किसान, नौजवान और व्यापारी—भाजपा सरकार की नीतियों से त्रस्त है। पवन ने विश्वास जताया कि 2027 में जनता भाजपा को सत्ता से बेदखल कर अखिलेश यादव के नेतृत्व में खुशहाली वाली सरकार बनाएगी। मुलायम सिंह यादव को किया याद कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वीरेंद्र कुमार त्रिपाठी (पूर्व प्रधानाचार्य) ने याद करते हुए कहा कि सरकारी शिक्षकों के वेतन को सीधे खाते में भेजने की क्रांतिकारी शुरुआत नेताजी मुलायम सिंह यादव ने की थी, जिसने व्यवस्था में पारदर्शिता लाई। पेपर लीक को लेकर घेरा निवर्तमान महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव ने परीक्षाओं में हो रहे पेपर लीक पर आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार युवाओं का भविष्य अंधकारमय कर रही है। महासचिव हामिद जाफर मीसम ने कहा कि सपा कार्यकर्ता पूरी तरह उत्साहित हैं और प्रदेश में फिर से आपसी भाईचारा और विकास की लहर लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
इस अवसर पर राम अचल यादव, रक्षा राम यादव, अपर्णा जायसवाल, सीमा यादव, सीमा पासी, लाल बहादुर शुक्ला, राजेश कोरी, आशीष वर्मा, जगदीश यादव समेत पार्टी के बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।