कबीर जयंती पर साहित्य और कला का संगम, विजेता प्रतिभागी हुए सम्मानित
बस्ती। संत कबीर दास जयंती के उपलक्ष्य में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान एवं आराना थिएटर एवं एक्टिंग स्टूडियो द आर्ट रेवोल्यूशन एसोसिएशन, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय निबंध, कविता, चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिता का मंगलवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य नई पीढ़ी को संत कबीर के समरसता, मानवता, नैतिकता और सामाजिक सद्भाव के विचारों से जोड़ना तथा विद्यार्थियों की साहित्यिक एवं कलात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना रहा। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और कला प्रेमियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। निबंध प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने संत कबीर के दर्शन और वर्तमान समय में उनकी प्रासंगिकता पर अपने विचार प्रस्तुत किए। कविता प्रतियोगिता में कबीर की शिक्षाओं से प्रेरित स्वरचित रचनाओं का पाठ किया गया, जबकि चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने स्थानीय एवं सहज उपलब्ध सामग्री का उपयोग कर आकर्षक कलाकृतियां तैयार कीं।
प्रतिभागियों की रचनात्मकता और सामाजिक संदेशों को निर्णायकों ने सराहा। संस्थान के प्राचार्य एवं उप शिक्षा निदेशक संजय कुमार शुक्ल ने कहा कि यह आयोजन केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं को भारतीय संस्कृति, मानवीय मूल्यों और कबीर वाणी से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि तारा, नई दिल्ली के सहयोग से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का व्यापक मंच मिला है। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं प्रवक्ता डॉ. गोविन्द ने बताया कि कला और साहित्य के माध्यम से बच्चों में सृजनात्मक सोच विकसित करना संस्थान की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देते हैं।
समापन समारोह में डायट प्रवक्ता कल्याण पाण्डेय, सरिता चौधरी, अलीउद्दीन, इमरान खान, कनिष्ठ सहायक नवनीत वर्मा, अनिल चौधरी, रमाकांत गौतम सहित संस्थान के अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे
।