धनघटा के विकास को लेकर विधायक गणेश चौहान का बड़ा कदम, सीएम को सौंपा 14 सूत्रीय मांग पत्र
सड़क, स्वास्थ्य, सुरक्षा और शिक्षा पर फोकस, क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान की उठाई आवाज
नए थाने, महिला अस्पताल, फोरलेन सड़क समेत कई अहम प्रस्ताव, जनहित में शीघ्र कार्रवाई की मांग
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर। धनघटा विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर भाजपा विधायक गणेश चन्द्र चौहान ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को 14 बिंदुओं वाला विस्तृत मांग पत्र प्रेषित किया है। 25 जून 2026 को भेजे गए इस पत्र में क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को उठाते हुए उनके त्वरित समाधान की मांग की गई है।
विधायक ने पत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पौली, लोहरैया और काली जगदीशपुर में नए थानों की स्थापना की आवश्यकता बताई है। वहीं कृषि क्षेत्र की मजबूती के लिए कृषि उपज मंडी के विस्तार और आधुनिकीकरण का प्रस्ताव रखा गया है।
प्रशासनिक सुधार के तहत ग्राम सभा पौली, गोविन्दगंज, दुलहापार और सुखवरी को मिलाकर नगर पंचायत का दर्जा देने की मांग की गई है। इसके साथ ही डबरा ताल के सुंदरीकरण और वहां पुल अथवा मार्ग निर्माण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया है।
विधायक ने क्षेत्र की सड़क और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव दिए हैं, जिनमें मुखलिसपुर से कटसहरा नहर पटरी मार्ग का चौड़ीकरण, विभिन्न मार्गों पर प्रधानमंत्री सड़क निर्माण, बराव सीपाई घाट तक सड़क चौड़ीकरण तथा धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाली सड़कों का उच्चीकरण शामिल है। साथ ही चौरा मुड़ैयारी घाट पर पीपा पुल या स्थायी पुल निर्माण तथा बाँसी से नेउरी मार्ग को फोरलेन बनाने की मांग भी की गई है।
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सुखवरी चिकित्सालय के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने और हैंसर बाजार में महिला चिकित्सालय स्थापित करने की बात कही गई है। शिक्षा के क्षेत्र में महर्षि बाल्मीकि इंटर कॉलेज को प्रांतीयकरण योजना में शामिल करने का प्रस्ताव रखा गया है।
इसके अलावा क्षेत्र में अतिथि गृह निर्माण की भी मांग की गई है, जिससे बाहरी आगंतुकों और अधिकारियों को सुविधा मिल सके।
विधायक गणेश चन्द्र चौहान ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि जनहित में इन सभी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं, ताकि धनघटा क्षेत्र के विकास को गति मिल सके।